Headlines

बुनकर एकता समिति की बैठक में बिजली समस्याओं पर संघर्ष का ऐलान

इटावा। बाह अड्डा स्थित कासिम अंसारी के कार्यालय में बुनकर एकता समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें बुनकर समुदाय की बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया गया। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से नए पदाधिकारियों का भी मनोनयन किया गया।बैठक को संबोधित करते हुए समिति के राज्य अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने कहा कि बुनकर एकता समिति बुनकर समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बिजली बिलों और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा।
राज्य प्रवक्ता एवं सलाहकार कासिम अंसारी ने कहा कि बिना मार्गदर्शक के कोई भी समाज अपने लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकता। उन्होंने कहा कि सच्चा मार्गदर्शक वही होता है जो अंधकार में प्रकाश दिखाए, कठिन समय में साहस दे, सही और गलत का अंतर समझाए तथा समाज को विभाजित करने के बजाय एकजुट रखे। उन्होंने कहा कि समिति हमेशा बुनकरों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन भी किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि बुनकर समाज उसी राजनीतिक दल का समर्थन करेगा जो उनके हितों की रक्षा करते हुए सस्ती बिजली उपलब्ध कराने का कार्य करेगा।
मुख्य महासचिव सलाहुद्दीन अंसारी ने बताया कि समिति जल्द ही वरिष्ठ अधिकारियों से वार्ता कर बुनकरों की सभी समस्याओं के समाधान का प्रयास करेगी। वहीं राशिद अंसारी (राजस्थान मार्बल) ने कहा कि समिति बिजली के साथ-साथ बुनकरों से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान के लिए भी पहल करेगी। शम्सुद्दीन अंसारी ने कहा कि समिति प्रति करघा बिजली दर को ₹430 से घटाकर ₹200 कराने के लिए प्रयासरत है।बैठक में नफीसुल अंसारी को संरक्षक नियुक्त किया गया। शम्सुद्दीन अंसारी, राशिद अंसारी, इलियास अंसारी और हाजी अखलाक अंसारी को उपाध्यक्ष बनाया गया। मोहम्मद मुबीन एवं नज़ीर अंसारी ‘लल्ला’ को उप प्रबंधक, राशिद अंसारी को उप महासचिव, निहाल एवं मोहम्मद लायक को सचिव तथा ज़ीशान, शानू और दानिश को सोशल मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में कोषाध्यक्ष हाफिज मोहम्मद रईस, प्रबंधक शारिक अंसारी, उप प्रबंधक मसरूर अंसारी, सचिव सगीर अहमद, उपाध्यक्ष असलम अंसारी, मीडिया प्रभारी मोहम्मद इमरान, उप महासचिव राकेश शंखवार, इरफान अहमद, मोहम्मद जाबिर, इजहार अहमद, अमीन अंसारी, मोहम्मद हनीफ सहित बड़ी संख्या में बुनकर समाज के लोग उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share