Headlines

जिला अस्पताल में महंगी पैथोलॉजी जांचें होंगी निशुल्क

इटावा। जिला अस्पताल के पैथोलॉजी विभाग में दो अत्याधुनिक सेलेक्ट्रा बायोकेमिस्ट्री मशीनों के संचालन से मरीजों को बड़ी राहत मिली है। अब लिवर फंक्शन टेस्ट (एलएफटी), किडनी फंक्शन टेस्ट (केएफटी), शुगर, इलेक्ट्रोलाइट्स सहित करीब 25 महंगी पैथोलॉजी जांचें जिला अस्पताल में निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं, जो पहले बड़े मेडिकल कॉलेजों में ही संभव थीं।मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. पारितोष शुक्ला ने बताया कि अस्पताल के पैथोलॉजी विभाग में वर्तमान में लगभग 80 प्रकार की जांचें की जा रही हैं। प्रतिदिन करीब 350 मरीजों की लगभग 5 हजार जांचें होती हैं, जबकि हर माह सवा लाख से डेढ़ लाख जांचें सफलतापूर्वक संपन्न की जा रही हैं।उन्होंने बताया कि मरीजों की सुविधा के लिए जांच रिपोर्ट व्हाट्सएप और एसएमएस के माध्यम से सीधे उनके मोबाइल पर भेजी जा रही है। इस डिजिटल व्यवस्था से मरीजों को रिपोर्ट लेने के लिए अस्पताल के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।स्टाफ की कमी के बावजूद पैथोलॉजी विभाग बेहतर प्रबंधन के साथ अपनी सेवाएं दे रहा है। डॉ. नीतू द्विवेदी, डॉ. नितिन कुमार सिंह और डॉ. शिवानी गुप्ता की निगरानी में विभाग का संचालन सुचारु रूप से किया जा रहा है।

Please follow and like us:
Pin Share