इटावा। शहर से कुछ ही दूरी पर स्थित श्री दिगम्बर जैन नवग्रह अहिंसा तीर्थ क्षेत्र, कुनैरा में आयोजित भक्तामर विधान श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। क्षुल्लक 105 प्रगुण सागर महाराज एवं क्षुल्लक 105 परमानंद सागर महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्मलाभ अर्जित किया।कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महावीर के जलाभिषेक एवं शांतिधारा से हुआ। इसके पश्चात भक्तामर विधान के अंतर्गत भक्तामर स्तोत्र के 48 श्लोकों का विधि-विधानपूर्वक पाठ किया गया। प्रत्येक श्लोक के साथ श्रद्धालुओं ने नारियल अर्पित कर अपने परिवार, समाज एवं विश्व के कल्याण की मंगलकामना की। पूरे आयोजन के दौरान तीर्थ क्षेत्र भक्ति, श्रद्धा और जयघोषों से गुंजायमान रहा।विधान के समापन पर श्रद्धालुओं ने विश्व शांति, समाज में सद्भाव तथा समस्त प्राणियों के कल्याण की प्रार्थना की। रविवार के विधान का सौभाग्य राहुल जैन, लवली जैन (लवली ब्यूटी पार्लर) सहित महिला जैन मिलन एवं अन्य परिवारों को प्राप्त हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जैन श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कुनैरा नवग्रह अहिंसा तीर्थ में भक्तामर विधान, श्रद्धालुओं ने लिया धर्मलाभ

