Headlines

वामा सारथी के तत्वावधान में स्वास्थ्य परीक्षण एवं होम्योपैथिक वेलनेस शिविर आयोजित

इटावा। वामा सारथी उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन में स्वास्थ्य परीक्षण एवं होम्योपैथिक वेलनेस शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम वामा सारथी की जनपद अध्यक्षा श्रीमती रीना श्रीवास्तव के नेतृत्व में वार्षिक कैलेंडर के तहत आयोजित हुआ, जिसमें जिला अस्पताल की टीम ने भी सहभागिता की।
शिविर में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस परिवार की महिलाओं एवं बच्चों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विभिन्न बीमारियों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाएं भी वितरित कीं। साथ ही मौसम जनित बीमारियों से बचाव, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए उपयोगी सुझाव भी दिए गए।
होम्योपैथिक वेलनेस कैंप में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने प्रतिभागियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का परीक्षण कर उपचार उपलब्ध कराया। शिविर के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) संतोष कुमार सिंह ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया तथा चिकित्सकों से शिविर की कार्यप्रणाली एवं लाभार्थियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में प्रतिसार निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
शिविर के सफल संचालन में वामा सारथी वालंटियर्स की सक्रिय भूमिका रही। आयोजकों ने बताया कि पुलिस परिवार के स्वास्थ्य संरक्षण, जागरूकता और कल्याण के उद्देश्य से भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।

Please follow and like us:
Pin Share