फिरोजाबाद। जैन मिलन मुख्य शाखा, चन्द्र नगर द्वारा मेदांता हॉस्पिटल, गुरुग्राम के सहयोग से रघु शांति हॉस्पिटल में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित एवं फीता काटकर किया। शिविर में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से आए 100 से अधिक लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर विशेषज्ञ चिकित्सकों ने परामर्श दिया।शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ एवं फिजिशियन चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। इस दौरान बीपी, शुगर, ईसीजी, बीएमआई तथा पीएफटी जैसी विभिन्न जांचें निःशुल्क की गईं। चिकित्सकों ने हृदय रोग, मधुमेह एवं अन्य बीमारियों से बचाव तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया।शाखा अध्यक्ष ने कहा कि संस्था समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों के लिए सदैव प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग एवं सदस्य उपस्थित रहे। अंत में सहयोगी चिकित्सकों, अतिथियों और सहयोगकर्ताओं को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया तथा सभी का आभार व्यक्त किया गया।
जैन मिलन मुख्य शाखा के स्वास्थ्य शिविर में 100 से अधिक लोगों ने कराया परीक्षण

