Headlines

कानपुर व्यापार मंडल ने पुलिस कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन

कानपुर। महानगर उद्योग व्यापार मंडल (रजि.) कानपुर के पदाधिकारियों ने पुलिस कमिश्नर कानपुर नगर को ज्ञापन सौंपकर महाराजपुर थाना प्रभारी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। संगठन ने आरोप लगाया है कि कुछ पुलिस अधिकारी सरकार की कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था की छवि को धूमिल करने का कार्य कर रहे हैं, जिस पर अंकुश लगाए जाने की आवश्यकता है।व्यापार मंडल के अध्यक्ष पवन गुप्ता एवं महामंत्री शरद लोचन शुक्ला द्वारा दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि महाराजपुर थाना प्रभारी द्वारा सांवरिया हाउसिंग स्ट्रक्चर प्रा. लि. के डायरेक्टर शिवांश गुप्ता एवं दिलीप कुमार गुप्ता को संरक्षण प्रदान किया जा रहा है। आरोप है कि न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करते हुए सरकारी भूमि एवं एक निजी व्यक्ति की भूमि पर अवैध कब्जा और निर्माण कराया जा रहा है।ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी कर निर्माण कार्य जारी है, जिससे व्यापारियों में असंतोष व्याप्त है। व्यापार मंडल ने आरोप लगाया कि मामले का विरोध करने वाले व्यापारियों को झूठे मुकदमों में फंसाने और उन्हें जानमाल की हानि पहुंचाने की आशंका है।व्यापार मंडल ने पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि महाराजपुर थाना प्रभारी की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जाए। साथ ही ईमानदार एवं कानून का पालन कराने वाले अधिकारी की नियुक्ति कर व्यापारियों की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित किया जाए।संगठन ने उम्मीद जताई है कि पुलिस प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करेगा।

Please follow and like us:
Pin Share