भीषण गर्मी में नगरवासियों को राहत देने नगर पालिका परिषद भिण्ड द्वारा की गई प्याऊ (पेयजल) की समुचित व्यवस्था

भिण्ड 30 अप्रैल 2026/

नगर पालिका परिषद भिण्ड द्वारा भीषण गर्मी को देखते हुए नगर के सभी नागरिकों एवं राहगीरों की सुविधा एवं स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखते हुए व्यापक स्तर पर पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। गर्मी के इस मौसम में आमजन को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से नगर के प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर प्याऊ (पेयजल) की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि कोई भी व्यक्ति प्यासा न रहे और सभी को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सके।
नगर पालिका परिषद भिण्ड द्वारा शहर की प्रमुख जगहों बस स्टैंड, प्राइवेट बस स्टैंड, अटेर रोड, भारौली तिराहा एवं परेड चौराहा पर प्याऊ स्थापित किए गए हैं, जहां नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। इन प्याऊ स्थलों की साफ-सफाई, जल की गुणवत्ता एवं निरंतर जल आपूर्ति बनाए रखने के लिए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए हैं। यह सराहनीय पहल “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य जल संरक्षण, जल प्रबंधन एवं नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है। यह व्यवस्था विशेष रूप से राहगीरों, श्रमिकों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों के लिए राहत प्रदान कर रही है और गर्मी के मौसम में जनसेवा का महत्वपूर्ण उदाहरण बन रही है।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री यशवंत वर्मा ने बताया कि नगर पालिका परिषद भिण्ड का उद्देश्य नगर के प्रत्येक नागरिक को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। भीषण गर्मी के दौरान पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर के विभिन्न स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था की गई है, जिससे आमजन को राहत मिल सके। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे इन प्याऊ स्थलों का उपयोग करते समय स्वच्छता बनाए रखें एवं जल का दुरुपयोग न करें, ताकि सभी को निरंतर पेयजल की सुविधा मिलती रहे।

Please follow and like us:
Pin Share