सभी प्रभावित गांवों में सर्वे कार्य प्राथमिकता से पूर्ण कराएं – मंत्री राकेश शुक्ला

भिण्ड 05 अप्रैल 2026/नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने बेमौसम बारिश एवं तेज हवाओं से प्रभावित मेहगांव विधानसभा क्षेत्र के गांवों में गेहूं की फसल के नुकसान का त्वरित और निष्पक्ष सर्वे कर पात्र किसानों को शीघ्र मुआवजा प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अमायन एवं रौन क्षेत्र के ग्राम लालपुरा, दानीपुरा, रामपुरा, चंद्रपुरा, जैतपुरा मढ़ी, हमीरपुरा सहित अन्य गांवों में पहुंचकर फसलों की स्थिति का जायजा लिया और किसानों से चर्चा की। उन्होंने एसडीएम मेहगांव श्री नवनीत शर्मा को निर्देशित किया कि सभी प्रभावित गांवों में सर्वे कार्य प्राथमिकता से पूर्ण कर प्रतिवेदन शासन को भेजा जाए, ताकि किसानों को समय पर राहत मिल सके। साथ ही फसल बीमा योजना के अंतर्गत बीमित किसानों को नियमानुसार बीमा लाभ दिलाने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
गत दिवस बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि एवं तेज हवाओं के कारण भिण्ड जिले की मेहगांव विधानसभा क्षेत्र में गेहूं की तैयार फसल एवं खेतों में कटी रखी फसल नष्ट हो गई है। जिससे उत्पादन प्रभावित होने की संभावना है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर गांव-गांव पहुंचकर खेतों में फसल की स्थिति का निरीक्षण किया तथा किसानों से चर्चा कर नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार प्रभावित किसानों के साथ है और उन्हें शीघ्र समुचित राहत प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मंत्री श्री शुक्ला ने कहा कि किसान हितैषी सरकार किसानों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी पात्र किसान को राहत से वंचित न रहना पड़े।

प्राकृतिक आपदा में मृत व्यक्ति के परिजनों से भेंट कर ढ़ांढ़स बंधाया

नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने रौन क्षेत्र के ग्राम जैतपुरा मढ़ी में प्राकृतिक आपदा के कारण लगभग 50 वर्षीय श्री संजय सिंह पुत्र श्री रामहेत सिंह राजावत की मृत्यु होने पर उनके परिजनों से भेंटकर ढांढस बंधाया। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार आपके साथ है। उन्होंने परिजनों से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

Please follow and like us:
Pin Share