हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में पकड़ा गया मुन्ना भाई गिरफ्तार

इटावा-उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज की ओर से संचालित हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा की प्रथम पाली में हिन्दी विषय की परीक्षा के दौरान बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया। उपजिलाधिकारी भरथना काव्या सिंह की औचक चेकिंग के दौरान एक युवक को दूसरे छात्र की जगह परीक्षा देते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। घटना से परीक्षा केंद्र पर हड़कंप मच गया।पकड़ा गया युवक अभिषेक पुत्र रविन्द्र, निवासी निवाड़ी कला थाना बकेवर बताया गया है। वह छात्र अपने छोटे भाई अनुज के स्थान पर परीक्षा देने केंद्र पर पहुंचा था। जांच के दौरान जब प्रवेश पत्र व पहचान पत्र का मिलान किया गया तो गड़बड़ी सामने आई। इसके बाद अधिकारियों ने तत्काल युवक को हिरासत में ले लिया।मामले की जानकारी मिलते ही केंद्र व्यवस्थापक बेनीराम पाल ने थाना पुलिस को लिखित तहरीर दी, जिसके आधार पर आरोपी युवक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने युवक से पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।उपजिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। किसी भी प्रकार की नकल या फर्जीवाड़ा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।इस कार्रवाई के बाद परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन की सख्ती का संदेश गया है, वहीं ईमानदार परीक्षार्थियों ने राहत की सांस ली।

Please follow and like us:
Pin Share