पहले रविवार को मेले में उमड़ा जन सैलाब

ग्वालियर 28 दिसम्बर 2025/ ग्वालियर मेला शुरू होने के बाद आए पहले रविवार को बड़ी संख्या में सैलानी पहुँचे। मेले के ज्यादातर सेक्टरों में सैलानियों की अच्छी-खासी भीड़ नजर आई। झूला सेक्टर तो सैलानियों से फुल बना रहा। नौनिहालों ने खिलौना कार की तो बच्चों, युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक ने ऊँट की सवारी की। साथ ही मेले के पारंपरिक पकवान खजला, पापड़, नॉन खटाई, सॉफ्टी, पिण्ड खजूर, भेलपुरी, गाजर का हलवा एवं साउथ इंडियन भोजन का लुत्फ उठाया।
बता दें केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बीते रोज मेले का उदघाटन किया था। उदघाटन के बाद 28 दिसम्बर इस साल के मेले के लिये पहला रविवार था। पच्चीस दिसम्बर से शुरू हुआ ऐतिहासिक श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेला 25 फरवरी तक आयोजित होगा। इस साल के ग्वालियर मेले में मेला प्राधिकरण द्वारा जिला प्रशासन व नगर निगम के सहयोग से बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ किया है। साथ ही एहतियात बतौर फायर ब्रिगेड इत्यादि का पुख्ता इंतजाम भी किया गया है।
बड़ी संख्या में सैलानियों के पहुँचने से मेले के दुकानदार गदगद थे। साथ ही जिनकी दुकानें अधूरी थीं वे अपनी दुकानों को तेजी के साथ सजाने में जुट गए। ग्वालियर मेला पारंपरिक रूप से उन हाथों को काम व मंच देता रहा है जो मिट्टी से सोना बनाते हैं। साथ ही उन सपनों को दिशा देता है, जो आत्मनिर्भर भारत की नींव हैं। इस साल के मेले में भी इसके सजीव दर्शन हो रहे हैं। दस रुपए का हर माल से लेकर लाखों रूपए तक की वस्तुएं व उपकरण ग्वालियर मेले में उपलब्ध होते हैं।
ग्वालियर व्यापार मेला जब अपने शबाब पर होता है तब तो लोगों को रोजगार देता ही है। साथ ही जिस दिन से मेले में दुकानें व शोरूम बनना शुरू होते हैं तभी से बहुत से स्थानीय छोटे-छोटे कारोबारियों की कमाई शुरू हो जाती है। इस साल भी शुरू से ही छोटे-छोटे व्यवसायी अच्छी-खासी आमदनी अर्जित कर रहे हैं।
Please follow and like us:
Pin Share