इटावा। लोकतंत्र की मर्यादा, संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता दर्शाने के उद्देश्य से भाजपा द्वारा 4 नवंबर 2026 को कानपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ सामूहिक पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसमें कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी संगठनात्मक जनपदों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। पदयात्रा की तैयारियों को लेकर भाजपा जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष अरुण कुमार अन्नू गुप्ता की अध्यक्षता तथा सदर विधायक सरिता भदौरिया की उपस्थिति में जिला पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पदयात्रा को सफल, प्रभावी और ऐतिहासिक बनाने के लिए संगठनात्मक जिम्मेदारियों, कार्यकर्ताओं की सहभागिता, जनसंपर्क और आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष अरुण कुमार अन्नू गुप्ता ने बताया कि पदयात्रा कानपुर के बृजेन्द्र स्वरूप पार्क से शुरू होकर मोतीझील में संपन्न होगी। जनपद की तीनों विधानसभाओं के अंतर्गत आने वाले सभी 16 मंडलों से पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता हजारों की संख्या में कानपुर पहुंचेंगे।
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अपने परिवार के राजनीतिक वजूद की चिंता है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के 140 करोड़ नागरिकों को अपना परिवार मानकर उनके विकास, सुरक्षा और खुशहाली के लिए समर्पित हैं।
सदर विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता और गरिमा बनाए रखने में निहित है। चुनाव में हार-जीत लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन राजनीतिक विफलताओं के लिए संवैधानिक संस्थाओं को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। उन्होंने सपा और कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव आयोग पर सवाल उठाने के बजाय विपक्ष को अपनी चुनावी हार के कारणों पर आत्ममंथन करना चाहिए।बैठक में क्षेत्रीय मंत्री प्रशांत राव चौबे, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, पूर्व प्रत्याशी विवेक शाक्य, अभियान संयोजक एवं जिला महामंत्री सतेंद्र राजपूत, जिला महामंत्री जितेंद्र गौड़, हरनाथ कुशवाह, अभियान सह-संयोजक संजीव भदौरिया, संजू बाबू शाक्य, जिला उपाध्यक्ष यशवर्धन चौधरी, बासु चौधरी, अमित तिवारी, जिला मंत्री आयुष राज, सुरेश राजपूत, जितेंद्र पाल, कोषाध्यक्ष राजकुमार वर्मा, सह-कोषाध्यक्ष समीर सक्सेना, जिला मीडिया प्रभारी रोहित शाक्य, जिला आईटी संयोजक शरद तिवारी, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष पंकज कुशवाहा, किसान मोर्चा अध्यक्ष राजवर्धन भदौरिया, अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष शीनू कठेरिया, समीर दोहरे और उदयवीर दोहरे सहित जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा को लेकर भाजपा की बैठक, हजारों कार्यकर्ता पहुंचेंगे कानपुर

