Headlines

इटावा सफारी में राजगीर से लाया जा रहा शेर युवराज दीपावली पर सफारी में उमड़े पर्यटक, एक दिन में 1200 से अधिक लोगों ने किया भ्रमण

इटावा। इटावा सफारी पार्क में वन्यजीवों के कुनबे को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इटावा सफारी पार्क और राजगीर जू सफारी के मध्य वन्यजीव विनिमय कार्यक्रम के तहत राजगीर से अर्द्धवयस्क शेर युवराज को इटावा लाया जा रहा है। केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण से अनुमति मिलने के बाद यह प्रक्रिया शुरू की गई है। युवराज के इटावा पहुंचने से सफारी में जन्मी दूसरी पीढ़ी की शेरनियों के प्रजनन का रास्ता साफ होगा और यहां तीसरी पीढ़ी के शेरों के जन्म की संभावना बढ़ेगी।सफारी प्रशासन के अनुसार, इटावा सफारी पार्क की टीम 31 अक्टूबर को राजगीर पहुंची थी। वन्यजीव विनिमय के तहत शेर युवराज को लेकर सफारी के वन्यजीव चिकित्सक डॉ. रॉबिन सिंह यादव, कीपर अजय सिंह तथा राजगीर सफारी की 10 सदस्यीय टीम देर रात इटावा के लिए रवाना हुई। शेर युवराज के बदले इटावा सफारी पार्क से शेर नीक और चार काले हिरन राजगीर भेजे जाएंगे। युवराज के एक नवंबर की रात तक इटावा पहुंचने की संभावना जताई गई है।
वहीं, वर्ष 2016 में इटावा सफारी पार्क में पहली बार जन्मे शेर शिम्बा को रोहतक जू से लाई गई शेरनी सुधा के साथ रखा जा रहा है। इसका उद्देश्य शिम्बा के वंश को आगे बढ़ाना है। इस तरह सफारी प्रशासन शेरों की नई पीढ़ी तैयार करने और वन्यजीव संरक्षण की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है।दीपावली और अन्य त्योहारों के चलते इटावा सफारी पार्क में पर्यटकों की संख्या में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। इटावा के साथ आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग सफारी भ्रमण के लिए पहुंच रहे हैं। रविवार को 1200 से अधिक पर्यटकों ने सफारी पार्क का भ्रमण किया। सफारी प्रशासन के छोटे-छोटे प्रयासों और वन्यजीवों को लेकर बढ़ती गतिविधियों से पर्यटकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Please follow and like us:
Pin Share