इटावा। दीपावली के त्योहार को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के निर्देश पर मिठाई निर्माताओं और विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्यवाही के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया गया है।दो नवंबर को जारी आदेश के अनुसार गठित टीमों में कानपुर नगर और कानपुर देहात के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को भी शामिल किया गया है। प्रत्येक टीम में एक टीम लीडर के साथ दो खाद्य सुरक्षा अधिकारी तैनात किए गए हैं। इन टीमों को मिठाई निर्माण और बिक्री से जुड़े प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।टीमों में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश सकारिया, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र द्विवेदी, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार पांडेय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद गौड़ और खाद्य सुरक्षा अधिकारी किरण यादव को टीम लीडर बनाया गया है।निरीक्षण के लिए चिह्नित प्रतिष्ठानों में शहर के रिद्धि स्वीट हाउस, बालाजी स्वीट हाउस, विशाल प्रेम स्वीट्स, दुबे जी स्वीट हाउस, हीरा लाल स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट, श्री स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट, न्यू अंजली स्वीट हाउस और स्वास्तिक स्वीट हाउस शामिल हैं। इसके अलावा बकेवर और भरथना क्षेत्र के बांके बिहारी स्वीट्स, कृष्णा स्वीट्स और राधे-राधे स्वीट्स सहित अन्य प्रतिष्ठानों को भी निरीक्षण के दायरे में रखा गया है। अभियान के तहत अब तक कुल 11 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया है। इस दौरान खाद्य पदार्थों के 15 नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। निरीक्षण के दौरान कमियां पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों को सुधार नोटिस जारी किए जाने की कार्यवाही भी की जा रही है। विभाग की टीमें मिठाई की गुणवत्ता, खाद्य पदार्थों की शुद्धता, साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का जायजा ले रही हैं।
दीपावली से पहले मिठाई की दुकानों पर खाद्य विभाग की निगरानी, पांच विशेष टीमें गठित

