भोपाल / इंदौर, 06 अक्टूबर 2026। जैन समाज सहित भारत वर्षीय जैन समाज एवं समस्त भोपाल वासियों के लिए गौरव का क्षण है। भोपाल में निर्माणाधीन हबीबगंज मेट्रो स्टेशन का नाम अब आचार्यश्री विद्यासागर जी महाराज मेट्रो स्टेशन के नाम से जाना जाएगा। धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने जानकारी देते हुए बताया कि यह घोषणा भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में नवाचार्य आचार्य समय सागर के समक्ष भोपाल नगर के सांसद श्री आलोक शर्मा जी ने की ।
श्री दद्दू ने बताया कि यह केवल एक नामकरण नहीं, बल्कि आचार्यश्री विद्यासागर जी महाराज की प्रेरणा, आशीर्वाद और पवित्र स्मृति को समर्पित निर्णय है। आचार्यश्री का सम्पूर्ण जीवन अहिंसा, संयम, त्याग और मानव कल्याण के लिए समर्पित रहा है। उनके नाम पर मेट्रो स्टेशन का नामकरण भोपाल ही नहीं, समस्त भारत एवं भारत वर्षीय जैन समाज के लिए गौरव का विषय है।
इस अवसर पर आचार्य श्री समय सागर जी महाराज ने अपने उद्गार में कहा – “गुरु जी के प्रकल्प जो पूर्ण करना ही मेरा विकल्प है”।
राष्ट्रीय जिन शासन एकता संघ के राकेश गोहिल मंयक जैन एवं समाज के वरिष्ठ समाजसेवी डॉ जैनेन्द्र जैन अमित कासलीवाल हंसमुख गांधी टीके वेद एवं महिला परिषद् की संभागीय अध्यक्ष श्रीमती मुक्ता जैन रेखा जैन श्रीफल सहित सकल जैन समाज ने इस निर्णय का हृदय से स्वागत करते हुए सांसद श्री आलोक शर्मा जी एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
भोपाल मेट्रो का यह स्टेशन अब संत शिरोमणि आचार्यश्री विद्यासागर जी महाराज की स्मृतियों को सदैव जीवंत रखेगा और आने वाली पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा देता रहेगा।
– राजेश जैन दद्दू, इंदौर

