इटावा। जैन समाज के प्रमुख धार्मिक पर्व दशलक्षण महापर्व को देखते हुए नगर पालिका परिषद की नामित सभासद प्रीति जैन ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को पत्र भेजकर शहर के जैन मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष सफाई, प्रकाश एवं पेयजल व्यवस्था कराने की मांग की है।पत्र में उन्होंने बताया कि दशलक्षण महापर्व का आयोजन 15 सितंबर से 28 सितंबर 2026 तक श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न जैन मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रम, जलधारा सहित अन्य आयोजन होंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।उन्होंने बताया कि 26 सितंबर को नशियां जी मंदिर में, जबकि 27 सितंबर को वरहीपुरा, लालपुरा, कटरा, नया शहर, सरायशेख एवं पंसारी टोला सहित विभिन्न क्षेत्रों के जैन मंदिरों में जलधारा का आयोजन प्रस्तावित है। वहीं 28 सितंबर को चौगुर्जी, फूलन देवी डाडा स्थित दिगंबर जैन मंदिर सहित अन्य स्थानों पर धार्मिक आयोजन होंगे।प्रीति जैन ने नगर पालिका से 15 से 28 सितंबर तक संबंधित सभी जैन मंदिरों एवं आयोजन स्थलों पर नियमित सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और पेयजल सहित आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया है, ताकि दशलक्षण महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
दशलक्षण महापर्व को लेकर जैन मंदिरों के आसपास सफाई और प्रकाश व्यवस्था की मांग, नामित सभासद प्रीति जैन ने अधिशासी अधिकारी को भेजा पत्र

