Headlines

श्री शांतिनाथ सेवा संघ की पावन जैन तीर्थ यात्रा 24 दिसंबर को होगी रवाना 501 साधर्मी बंधु करेंगे प्रमुख जैन तीर्थ क्षेत्रों की वंदना

मुरैना/नई दिल्ली (मनोज जैन नायक)। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी श्री शांतिनाथ सेवा संघ, दिल्ली द्वारा 501 साधर्मी बंधुओं को देश के प्रमुख जैन तीर्थ क्षेत्रों की वंदना कराने के उद्देश्य से पावन जैन तीर्थ यात्रा-2026 का आयोजन किया जा रहा है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह धार्मिक यात्रा 24 दिसंबर 2026 को दिल्ली एवं ग्वालियर से ट्रेनों द्वारा रवाना होगी। यात्रा को लेकर संघ की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
श्री शांतिनाथ सेवा संघ द्वारा यात्रियों की सुविधा और यात्रा को सुगम, व्यवस्थित एवं आनंदमय बनाने के लिए लगभग सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। रेलवे टिकट की व्यवस्था को छोड़कर अन्य सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। रेलवे टिकट की प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी किए जाने की संभावना है।
यात्रा की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए यात्रा संयोजक दीपक जैन एवं विशाल जैन तथा कोषाध्यक्ष अजय जैन (अजिया) ने बताया कि यात्रा में शामिल होने वाले सभी साधर्मी बंधुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। यात्रियों के लिए शुद्ध एवं सात्त्विक भोजन, उत्तम आवास, तीर्थ क्षेत्रों तक आवागमन के लिए बसों सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। संघ की पूरी टीम लंबे समय से यात्रा को व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इन प्रमुख तीर्थ क्षेत्रों के होंगे दर्शन
24 दिसंबर से प्रारंभ होने वाली इस पावन यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को उज्जैन, महावीर तपोभूमि, मक्सी पार्श्वनाथ, पुष्पगिरि, सिद्धवरकूट, पापौरा जी, बावनगजा, गोम्मटगिरि एवं इंदौर सहित अनेक प्रसिद्ध जैन तीर्थ क्षेत्रों की वंदना एवं दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा। यात्रा के दौरान श्रद्धालु विभिन्न जिनालयों के दर्शन, पूजन-वंदन तथा धार्मिक आयोजनों के माध्यम से आध्यात्मिक लाभ अर्जित करेंगे।
यात्रा की अधिकांश व्यवस्थाएं पूर्ण होने के बाद अब धर्मप्रेमी साधर्मी बंधुओं में विशेष उत्साह एवं उमंग का वातावरण है। सभी को उस मंगल घड़ी का इंतजार है, जब जय जिनेंद्र के मंगल उद्घोष के साथ 501 साधर्मी बंधु दिल्ली से तीर्थभूमि की ओर प्रस्थान करेंगे।
श्री शांतिनाथ सेवा संघ की यह पहल साधर्मी बंधुओं को सामूहिक रूप से तीर्थ वंदना करने के साथ-साथ धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण में आत्मिक शांति प्राप्त करने का अवसर प्रदान करेगी। संघ पदाधिकारियों ने यात्रा में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं के प्रति मंगलभाव व्यक्त करते हुए यात्रा के सफल एवं निर्विघ्न संपन्न होने की कामना की है।
श्री शांतिनाथ सेवा संघ, दिल्ली, अंतर्गत श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन न्यास, रजि. के संस्थापक अध्यक्ष: गोकुल चंद जैन, अध्यक्ष: हरीश चंद जैन, कार्याध्यक्ष: उमेश जैन, उपाध्यक्ष: प्रदीप जैन (पप्पू समोने वाले), महामंत्री: दिनेश जैन टीटू, मंत्री:राजकुमार जैन (पप्पू बरबाई), कोषाध्यक्ष: अजय जैन (अजिया) एवं सभी सदस्यों ने यात्रा संघ के साधर्मी बंधुओं से अपील की है कि यात्रा में संयम, धैर्य, सामाजिकता, सहयोग, धार्मिकता के साथ सहभागिता प्रदान करते हुए पुण्यार्जन करें ।

Please follow and like us:
Pin Share