Headlines

शराब का ठेका गांव से बाहर कराने को महिलाओं का प्रदर्शन, पुलिस ने समझाकर कराया शांत

भरथना। साम्हो गांव में देशी शराब के ठेके को आबादी क्षेत्र से बाहर कराने की मांग को लेकर रविवार को बड़ी संख्या में महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। सुबह करीब 11 बजे महिलाएं शराब के ठेके के पास पहुंचीं और नारेबाजी करते हुए ठेका हटाने की मांग उठाई।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि गांव में शराब का ठेका होने के कारण आए दिन लोग शराब खरीदकर नशे की हालत में घर पहुंचते हैं। इसके बाद परिवार में विवाद, अभद्रता और मारपीट की घटनाएं होती हैं। महिलाओं ने आरोप लगाया कि नशे में कई बार बच्चों के साथ भी मारपीट की जा चुकी है, जिससे ग्रामीण परिवार परेशान हैं।
महिलाओं के विरोध प्रदर्शन की जानकारी मिलने से पहले ही ठेका संचालक दुकान बंद कर वहां से चला गया। ठेके के बाहर महिलाओं के जुटने की सूचना पर क्राइम इंस्पेक्टर अरिमर्दन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिलाओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और समझाकर शांत कराया। इसके बाद महिलाएं वापस अपने घर चली गईं।
महिलाओं ने अपनी मांग को लेकर उच्च अधिकारियों को संबोधित एक लिखित पत्र भी सौंपा। पत्र में देशी शराब के ठेके को गांव की आबादी से बाहर संचालित कराने की मांग की गई है। महिलाओं का कहना है कि ठेका आबादी से दूर होने पर शराब के कारण होने वाले घरेलू विवाद और मारपीट की घटनाओं में कमी आ सकती है।
ग्राम प्रधान बृजेंद्र सिंह ने भी महिलाओं की मांग का समर्थन करते हुए बताया कि ग्रामीण महिलाओं ने शराब का ठेका गांव से बाहर किए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया है और इस संबंध में अधिकारियों को लिखित पत्र दिया गया है।

Please follow and like us:
Pin Share