इटावा- इटावा सफारी पार्क में मौजूद वन्य जीवों के स्वास्थ्य की वन्य जीव चिकित्सकों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। सफारी पार्क प्रशासन के अनुसार शेर, तेंदुआ, भालू और हिरण सहित सभी वन्य जीवों के स्वास्थ्य का नियमित रूप से अनुश्रवण किया जा रहा है।सफारी पार्क की शेरनी राधिका की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है। ज्ञातव्य है कि गत 9 जुलाई को दूसरी शेरनी द्वारा उसकी पूंछ काट ली गई थी। बाद में विशेषज्ञों की सलाह के क्रम में राधिका की पूंछ को काटकर अलग करना पड़ा था।वर्तमान में राधिका अपना नियमित आहार ग्रहण नहीं कर रही है। वह केवल पानी और बहुत ही अल्प मात्रा में चिकेन सूप ले रही है। सफारी पार्क के वन्य जीव चिकित्सक और कीपर लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं तथा विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार उपचार किया जा रहा है।हालांकि उपचार के बावजूद राधिका के स्वास्थ्य में अभी तक कोई उल्लेखनीय सुधार नहीं दिखाई दिया है और वह दिन-प्रतिदिन कमजोर होती जा रही है। सफारी प्रशासन द्वारा उसके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इटावा सफारी पार्क की शेरनी राधिका की हालत नाजुक, स्वास्थ्य में सुधार नहीं

