Headlines

नारायण कॉलेज में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया संविधान दिवस, विद्यार्थियों ने ली शपथ

इटावा। नारायण कॉलेज ऑफ साइंस एंड आर्ट्स के विशाल प्रांगण में गुरुवार को संविधान दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. धर्मेन्द्र शर्मा ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. धर्मेन्द्र शर्मा ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, उसकी विशेषताओं तथा नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करने के साथ ही अपने कर्तव्यों के प्रति जिम्मेदार रहने की प्रेरणा देता है।उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के आदर्शों एवं मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने और एक जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उसके आदर्शों और मूल्यों का पालन करने की शपथ ली।संविधान दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय में विभिन्न रचनात्मक एवं शैक्षिक गतिविधियों का आयोजन भी किया गया। विद्यार्थियों ने मौलिक अधिकारों से प्रेरित आकर्षक रंगोलियां बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही संविधान के महत्व को दर्शाते हुए संदेशपरक चार्ट तैयार किए गए तथा भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गयाप्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने संविधान के प्रति अपनी समझ और विचार प्रस्तुत किए।विद्यालय की कोऑर्डिनेटर श्रीमती उरूसा रिजवान ने समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं को संविधान दिवस की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक करने के साथ उनमें लोकतांत्रिक मूल्यों, समानता, स्वतंत्रता और न्याय की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय सहयोग रहा।

Please follow and like us:
Pin Share