Headlines

सहायक उपकरण पाकर दिव्यांग बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान, शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ने की जगी उम्मीद

जसवंतनगर। समग्र शिक्षा के अंतर्गत समेकित शिक्षा कार्यक्रम के तहत गुरुवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र जसवंतनगर में दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण एवं यंत्र वितरित करने के लिए शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 6 से 14 वर्ष तक के विशिष्ट आवश्यकता वाले बच्चों को उनकी जरूरत के अनुसार उपकरण प्रदान किए गए। उपकरण पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और मुस्कान साफ झलक रही थी।कार्यक्रम का आयोजन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार के निर्देशन में जिला समन्वयक समेकित शिक्षा अर्चना सिन्हा एवं खंड शिक्षा अधिकारी अलकेश कुमार सकलेचा के संयोजन में किया गया। शिविर में एलिम्को कानपुर से आए दिव्यांगता विशेषज्ञ गौरव कुमार सहित ऑडियोलॉजिस्ट एवं कैलीपर्स विशेषज्ञों ने चिन्हित बच्चों को उपकरण वितरित किए।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी जसवंतनगर अभिषेक प्रताप सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। जिला समन्वयक समेकित शिक्षा ने मुख्य अतिथि को बुके एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद उपजिलाधिकारी स्वयं बच्चों के बीच पहुंचे और उन्हें ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, कैलीपर्स, ब्रेल स्लेट, स्टाइलस, छड़ी, रोलेटर, एमआर शिक्षण सामग्री तथा कान की मशीन वितरित की।इस अवसर पर उपजिलाधिकारी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिन बच्चों को स्कूल आने-जाने और दैनिक गतिविधियों में परेशानी होती थी, उनके लिए ये उपकरण काफी सहायक साबित होंगे। इनके माध्यम से बच्चे आसानी से शिक्षण-प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे और शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ पाएंगे। उन्होंने कहा कि दिव्यांगता कोई अभिशाप नहीं है। उचित सहयोग, संसाधन और प्रोत्साहन मिलने पर दिव्यांग बच्चे भी अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि अब उपकरणों की मदद से ऐसे बच्चे भी स्कूल पहुंच सकेंगे, जिन्हें पहले आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। रैंप और सहायक उपकरणों के माध्यम से उनके लिए कक्षाओं तक पहुंचना आसान होगा। शिविर का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनकी शिक्षा में आने वाली बाधाओं को दूर करना और उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराना है।सहायक उपकरण पाकर बच्चों और उनके अभिभावकों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी।

Please follow and like us:
Pin Share