ग्वालियर 23 अगस्त 2026
श्री शशिकृष्णा आई केयर एंड ऑप्टिकल्स द्वारा 23 अगस्त 2026, रविवार को सेवानगर स्थित ग्वालियर पार्क के पास निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में आमजन ने पहुंचकर नेत्र परीक्षण का लाभ लिया।
शिविर में *डॉ. संजय शुक्ल एवं सहयोगी हिमांशु* द्वारा मरीजों की आंखों की जांच की गई। मशीनों के माध्यम से नेत्र परीक्षण के साथ दूर एवं नजदीक की दृष्टि, मोतियाबिंद तथा बच्चों की आंखों की विशेष जांच की गई। जरूरतमंद लोगों को चश्मे एवं कॉन्टैक्ट लेंस संबंधी सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।
शिविर में सेवानगर वार्ड 14 के पार्षद श्री विनोद (माठू) यादव एवं रहवासियों ने अपनी आंखों की जांच एवं परीक्षण कराया तथा आवश्यक परामर्श प्राप्त किया।
शिविर का आयोजन सुबह *9 बजे से दोपहर 1 बजे तक* किया गया। इस दौरान लगभग 60 -70 लोगों ने अपनी आंखों से संबंधित समस्याओं की जांच कराई और आवश्यक परामर्श प्राप्त किया।
शिविर में बच्चों की आंखों की जांच के दौरान *आंखों में पानी आना, चश्मे का नंबर आना, आंखों में सूखापन सहित अन्य समस्याएं* सामने आईं। चिकित्सकों एवं सहयोगियों ने बच्चों और अभिभावकों को आंखों की उचित देखभाल के संबंध में जानकारी देते हुए बच्चों को मोबाइल फोन का अत्यधिक उपयोग न करने की सलाह दी।
डॉ. शुक्ल ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को लगातार मोबाइल देखने से बचाएं, स्क्रीन टाइम सीमित रखें तथा आंखों में किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर समय पर नेत्र विशेषज्ञ से जांच करवाएं। साथ ही आमजन से भी समय-समय पर आंखों की जांच कराने और नेत्र संबंधी समस्या को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की गई।
सेवानगर वार्ड 14 के पार्षद विनोद यादव एवं संदीप गुप्ता द्वारा डॉ. संजय शुक्ल और उनके सहयोगी के कार्य की सराहना की एवं सेवानगर की जनता के लिए निःशुल्क शिविर आयोजित करने हेतु धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया।

