इटावा। सावन के चतुर्थ सोमवार पर यमुना नदी के किनारे श्री ग्यारह रुद्रेश्वर मंदिर पर ग्यारह हजार पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर पूजा-अर्चना की गयी। वहीं
सांयकाल श्रद्धालुओं ने मंदिर के गर्भ गृह में बाबा बर्फानी के साक्षात दर्शन भी किये। सुबह से रात तक मंदिर और यमुना तट बम बम भोले के जयघोष से गुंजायमान रहा।मंदिर में आए सभी श्रद्धालुओं को भंडारे का प्रसाद वितरित किया गया।सावन के अंतिम सोमवार पर प्राचीन श्री ग्यारह रुद्रेश्वर महादेव मंदिर पर सुबह से शाम तक धार्मिक कार्यक्रमों की धूम रही।युवाओं की टीम ने इस बार 11 हजार पार्थिव शिवलिंग निर्माण का संकल्प लिया था। सुबह 7 बजे से पार्थिव शिवलिंग का निर्माण श्रद्धालुओं ने शुरू कर दिया था शिवलिंग निर्माण का सिलसिला दोपहर तक चला। पूजन अर्चन और अभिषेक के बाद विधि विधान के साथ सभी शिवलिंग का पावन यमुना नदी में विसर्जन किया गया।
देर शाम श्रद्धालुओं को बाबा बर्फानी के दर्शन कराए गए। ग्यारह रुद्रेश्वर महादेव का भी विशेष श्रृंगार किया गया था बर्फानी बाबा के दर्शनों के लिए भक्तों को गुफा से होकर गुजरना पड़ा। रात 8 बजे हुई महा आरती में काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर पर पहली बार पार्थिव शिवलिंग निर्माण का कार्यक्रम आयोजित किया गया था जिसे लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखने को मिला। यहां आने वाले भक्तों ने बाबा ग्यारह रुद्रेश्वर महादेव के साथ मां पीतांबरा और अन्य देवी देवताओं की भी पूजा अर्चना की ।
सावन के अंतिम सोमवार पर बनाये गये 11000 पार्थिव शिवलिंग ग्यारह रुद्रेश्वर मंदिर पर श्रद्धालुओं ने किया बाबा बर्फानी का दीदार

