Headlines

इटावा सफारी पार्क में गुलाबी मैना के कलरव से हुआ गुलजार, वरिष्ठ नागरिकों ने किया भ्रमण

इटावा। जैवविविधता से समृद्ध इटावा सफारी पार्क इन दिनों हजारों गुलाबी मैना (Rosy Starling) के कलरव से गुलजार है। कजाकिस्तान, रूस और मध्य एशिया के क्षेत्रों से आने वाले ये प्रवासी पक्षी जुलाई-अगस्त में भारत पहुंचते हैं और कई महीनों तक घास के मैदानों व समतली क्षेत्रों में डेरा डालते हैं। इस वर्ष सफारी में इनकी संख्या पिछले वर्ष की तुलना में काफी अधिक बताई गई है।राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को अखिल भारतीय कूर्मि क्षत्रिय महासभा के 19 वरिष्ठ सदस्यों ने सफारी पार्क का भ्रमण किया। समाजसेवी हरिशंकर पटेल और भारतीय योग संस्थान यूनिट के योगाचार्य डॉ. श्रीकांत के सहयोग से आयोजित भ्रमण में सेवानिवृत्त शिक्षक, व्यापारी और समाजसेवी शामिल रहे। 80 से 90 वर्ष की आयु के वरिष्ठ नागरिकों ने पहली बार सफारी भ्रमण का अनुभव लिया और वन्यजीवों तथा सफारी के रखरखाव की सराहना की।
वहीं सफारी के वन्यजीवों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा की जा रही है। करीब एक माह पूर्व दूसरी शेरनी द्वारा पूंछ काटे जाने के बाद विशेषज्ञों ने शेरनी राधिका की क्षतिग्रस्त पूंछ को अलग किया था। वर्तमान में उसकी स्थिति स्थिर है, हालांकि वह कम मात्रा में आहार ले रही है। विशेषज्ञों की सलाह पर उसका उपचार और लगातार निगरानी की जा रही है।
मुरादाबाद से रेस्क्यू कर लाए गए चार तेंदुओं—दो शावक और दो वयस्क—के आने के बाद सफारी में तेंदुओं की संख्या बढ़कर 31 हो गई है। वहीं इटावा सफारी पार्क में वर्तमान में 23 शेर हैं, जिनमें 17 का जन्म सफारी में ही हुआ है।

Please follow and like us:
Pin Share