इटावा स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर नारायण काॅलेज आफ साइंस एण्ड आटर््स में आज 80वें स्वतंत्रता दिवस का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि डा0 रिपुदमन सिंह, पूर्व संचालक उच्च शिक्षा विभाग, सम्मानित अतिथि श्री आर.के. त्रिपाठी, पूर्व प्राचार्य जनता डिग्री कालेज, बकेवर, इटावा, सूबेदार मेजर आशुतोष शर्मा, सूबेदार मेजर रघुराज सिंह, सूबेदार मेजर कृपाल सिंह विद्यालय प्रबंधक इंजी0 हरि किशोर तिवारी, के.के. तिवारी सदस्य प्रबन्धन समिति, अतुल आक्रोश समाजसेवी, श्रीमती पूनम शर्मा, विद्यालय प्रधानाचार्य डा0 धर्मेन्द्र शर्मा तथा उच्च शिक्षण संस्थान प्रधानाचार्य योगेश दुबे, अभिषेक तिवारी (एच.ओ.डी. फार्मेसी) ने माँ सरस्वती और शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जव्लित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रधानाचार्य डाॅ0 धर्मेन्द्र शर्मा ने छात्र/छात्राओं अभिभावक बन्धुओं के साथ-साथ समस्त शिक्षकों को 80वें स्वतन्त्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनायें एवं बधाई दी एवं अपने सम्बोधन में कहा कि स्वतंत्र भारत की शिक्षा प्रणाली में नवीन टेक्नोलोजी के विभिन्न आयामों को सम्मिलित करना चाहिये। लेकिन हमें नई पीढ़ी को टेक्नोलोजी के दुरूपयोग से भी बचाना चाहिये। ऐसे में नैतिक मूल्यों का प्रभावी रूप से संचालन अति आवश्यक है जो कि विद्यालय में शिक्षक/शिक्षिकाओं के माध्यम से तथा घर पर माता पिता के माध्यम से संचारित होना चाहिये। उन्होंने बताया कि जितने अभिभावक जागरूक होंगे उतना ही अच्छा समाज बनेगा जो राष्ट्र की उन्नति व विकास करने में सहयोग करेगा।अपने भाषण के अंत में डा0 शर्मा ने राष्ट्रवादी कविता सुनाकर शिक्षकों एवं बच्चों को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।
विद्यालय प्रबंधक इंजी0 हरि किशोर तिवारी ने कहा कि हमारा देश वसुधैव कुटुम्बकम का देश है, व कई प्रतिभाओं से भरा पड़ा है। जिस तरह से वीर शहीदों ने अपनी आजादी की लड़ाई लड़ी और हमें आजादी दिलवाई, उसी से हमें सीखना चाहिए कि यदि मन में दृढ़ इच्छा शक्ति हो तो जीवन में बड़ी से बड़ी उपलब्धि प्राप्त की जा सकती है। आज जरूरत है कि हम सभी अपनी मातृ भूमि को विदेशी ताकतों और भ्रष्ट राजनेताओं से बचाने के लिए आगे आएं और निरंतर प्रयास करें कि हर एक भारतीय के अंदर देशभक्ति का वही जज्बा उभरे जो कि आजादी से पहले हर हिन्दुस्तानी के दिल में था। मुख्य अतिथि डा0 रिपुदमन सिंह ने कहा कि हम सब मिलकर समाज की कुरीतियों को दूर कर एक विकसित राष्ट्र का निर्माण करें। उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूँ कि देश की हर एक माँ देश की सीमा पर लड़ने वाले सैनिकों की तरह ही अपने बेटों को देश की रक्षा करने के लिये प्रेरित करे, यही हमारी देश के अमर शहीदों के सम्मान में प्रत्येक भारतीय नारी की तरफ से सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर छात्र/छात्राओं ने नाट्य कला की अद्भुत प्रस्तुतियों के द्वारा देश-भक्ति नृत्य तथा सैनिकों के बलिदान की गाथाओं को मंच पर जीवन्त कर दिया। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति के मनमोहक गीत भी गाए। मंच का संचालन छात्र अंश पाण्डेय व छात्रा तान्या कुशवाहा ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्कूल कोर्डिनेटर श्रीमती उरूसा रिज़वान, नृत्य प्रशिक्षक संदीप यादव, संगीत शिक्षक कृष्णकान्त, यादवेन्द्र पाल सिंह, ऋतु कनौजिया, वैदेही ठाकुर, मोहन दलेला, कृष्ण गोपाल त्रिवेदी, सचिन तिवारी, सुमित वर्मा आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
नारायण काॅलेज में धूमधाम से मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस

