Headlines

इटावा साइबर सेल की बड़ी सफलता, सोलर प्लेट खरीद के नाम पर ठगे गए 15 लाख रुपये पीड़ित को कराए वापस

इटावा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में इटावा साइबर क्राइम पुलिस टीम ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए सोलर प्लेट खरीदने के नाम पर साइबर ठगी का शिकार हुए एक व्यापारी के 15 लाख रुपये शत-प्रतिशत वापस कराकर सराहनीय सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी जोगेन्द्र पुत्र इन्द्रपाल को साइबर ठगों ने कम कीमत पर सोलर मैटेरियल उपलब्ध कराने का झांसा देकर फर्जी कॉल के माध्यम से 15 लाख रुपये की ठगी कर ली थी। पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल ने बिना विलंब कार्रवाई शुरू की। विभिन्न तकनीकी और बैंकिंग माध्यमों से साक्ष्य एकत्रित किए गए तथा संबंधित बैंकों एवं पेमेंट गेटवे के नोडल अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर ठगी गई धनराशि को समय रहते होल्ड कराया गया। नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद 20 जुलाई 2026 को पूरी 15 लाख रुपये की राशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने इटावा पुलिस एवं साइबर सेल टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनकी त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की। मामले में पीड़ित की तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।इस सराहनीय कार्यवाही में उपनिरीक्षक लोकेश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल विजय कुमार, मनीष कुमार, कांस्टेबल बृजेश गोला, पंकज यादव एवं महेन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस की अपील यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी गई धनराशि वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है। सतर्क नागरिक ही सुरक्षित समाज की पहचान है।

Please follow and like us:
Pin Share