केके इंटर कॉलेज के स्नातक मतदान केंद्र पर पहुंचकर दिया मतदान का संदेश, 1127 में से 372 मतदाताओं ने डाले वोट
इटावा। लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी निभाने के लिए पुरबिया टोला निवासी प्रिया वर्मा एडवोकेट दुबई से इटावा पहुंचीं और आगरा खंड स्नातक विधान परिषद निर्वाचन में अपनी तीन बहनों के साथ मतदान किया। उन्होंने शुक्रवार को केके इंटर कॉलेज स्थित स्नातक मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।प्रिया वर्मा के साथ उनकी बड़ी बहन एवं समाजसेवी डॉ. ज्योति वर्मा तथा छोटी बहन आंचल वर्मा और जागृति वर्मा ने भी मतदान किया। इस दौरान उन्होंने सभी नागरिकों से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए।जानकारी के अनुसार, केके इंटर कॉलेज स्थित स्नातक मतदान केंद्र पर कुल 1127 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 372 मतदाताओं ने शुक्रवार सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

