Headlines

जीएसटी कार्यालय में व्यापार बंधु की बैठक, त्योहार पर बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की उठी मांग

इटावा। नुमाइश चौराहे स्थित जीएसटी कार्यालय के अटल सभागार में व्यापार बंधु की बैठक असिस्टेंट कमिश्नर ग्रेड-1 एचपी राव दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों को उत्तर प्रदेश सरकार की ब्याज माफी योजना-2026 की जानकारी देते हुए पुराने बकाया कर मामलों में ब्याज और अर्थदंड पर मिलने वाली छूट के प्रावधानों से अवगत कराया गया। योजना के तहत पात्र व्यापारी 16 जनवरी 2027 तक आवेदन कर सकेंगे।
असिस्टेंट कमिश्नर एचपी राव दीक्षित ने बताया कि योजना का उद्देश्य पुराने कर विवादों का निस्तारण कर व्यापारियों को राहत देना और व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है। इसके अंतर्गत 31 दिसंबर 2025 तक के बकाया कर, ब्याज और अर्थदंड से संबंधित पात्र मामलों को शामिल किया गया है। निर्धारित शर्तों के अनुसार मूल बकाया कर जमा करने पर ब्याज और अर्थदंड में छूट का लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने बताया कि योजना के प्रावधानों के अनुसार, 10 लाख रुपये तक के मूल बकाये वाले मामलों में पूरा मूल बकाया जमा करने पर ब्याज और अर्थदंड में 100 प्रतिशत छूट का प्रावधान है। 10 लाख से एक करोड़ रुपये तक के बकाये पर ब्याज में 10 प्रतिशत और अर्थदंड में 90 प्रतिशत, एक करोड़ से पांच करोड़ रुपये तक के मामलों में ब्याज में 25 प्रतिशत और अर्थदंड में 75 प्रतिशत, जबकि पांच करोड़ रुपये से अधिक के बकाये पर ब्याज और अर्थदंड में 50-50 प्रतिशत छूट का प्रावधान बताया गया। इसके अतिरिक्त, केवल बकाया जमा न करने के कारण लगाए गए अर्थदंड से संबंधित पात्र मामलों में भी 100 प्रतिशत छूट का उल्लेख किया गया।जीएसटी कमिश्नर सुरेंद्र मोहन सिंह ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए व्यापारियों को वाणिज्य कर विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के दौरान आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने, बकाया राशि की गणना करने और निर्धारित धनराशि जमा करने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। उन्होंने बताया कि सही गणना के आधार पर भुगतान किए जाने के 15 दिनों के भीतर आरसी समाप्त करने का प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा। योजना का लाभ संबंधित कानूनों और निर्धारित शर्तों के अधीन मिलेगा।त्योहार पर बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की मांगबैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष आलोक दीक्षित ने दीपावली के मद्देनजर जिले के प्रमुख बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि त्योहार के चलते बाजारों में भीड़ बढ़ रही है और खरीदारी के लिए महिलाओं की भी बड़ी संख्या पहुंच रही है। ऐसे में भीड़ का फायदा उठाकर अराजक तत्व घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं। उन्होंने बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ ही भीड़भाड़ वाले बाजारों में तीन पहिया और चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की, ताकि जाम की स्थिति न बने और लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।बैठक में जिला उपाध्यक्ष अशोक जाटव, शहर अध्यक्ष सोनू अग्रवाल, युवा शहर अध्यक्ष रहमान सहित अन्य व्यापारी नेता मौजूद रहे। इस दौरान खाद्य विभाग, नगर पालिका, बिजली विभाग और बांट-माप विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share