सैफई (इटावा) : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शिक्षक-स्नातक विधान परिषद चुनाव में कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा को वोट चोरी के लिए विश्वविद्यालय खोलकर अपने कार्यकर्ताओं के लिए तीन साल का कोर्स चलाना चाहिए। चोरी से लोकतंत्र मजबूत नहीं होगा। सैफई में मतदान के बाद उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराना सपा का लक्ष्य है। वहीं, सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव, राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, एमएलसी मुकुल यादव और सांसद अक्षय यादव ने भी मतदान के बाद पार्टी प्रत्याशियों की जीत का दावा किया।
शुक्रवार को लखनऊ से करीब 3:15 बजे सैफई पहुंचे अखिलेश यादव ने मतदान के बाद पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि आगरा, फतेहपुर, गोरखपुर, जौनपुर और कन्नौज समेत कई जिलों में सपा समर्थक मतदाताओं को वोट डालने से रोकने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को दी गई मतदाता सूची और मतदान केंद्रों पर पीठासीन अधिकारियों के पास उपलब्ध सूची में अंतर है। सपा वर्ष 2022 से मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायत कर रही है, लेकिन चुनाव आयोग ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने मतदाताओं से लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए मतदान करने की अपील की।
वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन और सीटों के बंटवारे के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को हराना लक्ष्य है और इसके लिए गठबंधन को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश सरकार पर रोजगार, निवेश, आरक्षण, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सवाल उठाए। डीएपी खाद की किल्लत पर केंद्र सरकार की विदेश नीति को जिम्मेदार ठहराया। आजम खां के संबंध में उन्होंने कहा कि न्याय और सच्चाई को कैद नहीं किया जा सकता। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे की स्थिति पर मीडिया से खामियों को प्रमुखता से दिखाने की अपील की। सपा सरकार बनने पर पत्रकारों को मिलने वाली सुविधाओं के सवाल पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पत्रकारों को बुलेटप्रूफ जैकेट और हेलमेट दिए जाएंगे।
सैफई ब्लॉक स्थित मतदान केंद्र पर सबसे पहले सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने मतदान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के दोनों प्रत्याशी जीतेंगे। उन्होंने अलीगढ़, इटावा, फिरोजाबाद और आगरा में सपा की स्थिति मजबूत होने का दावा किया। औरैया में मतदान को लेकर शिकायत मिलने पर उन्होंने चुनाव आयोग और पुलिस अधीक्षक से बात करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम संबंधी गलतियों को लेकर मतदाताओं को भी सतर्क रहना चाहिए। विधान परिषद चुनाव को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से जोड़कर नहीं देखना चाहिए।
राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने पत्नी सरला यादव के साथ दोपहर करीब 12 बजे मतदान किया। उन्होंने कहा कि सपा के दोनों प्रत्याशी भारी मतों से जीतेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर मतदाताओं के फार्म जमा होने के बावजूद सूची में नाम नहीं होने की शिकायतें मिली हैं। इसे प्रशासनिक गड़बड़ी बताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सपा नेता राजकुमार भाटी के बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर शिवपाल ने कहा कि यह अनुशासनहीनता का विषय है और इस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्णय लेंगे। उन्होंने ओमप्रकाश राजभर के बयानों को भी गंभीरता से नहीं लेने की बात कही।सपा एमएलसी मुकुल यादव ने पत्नी ऋतु यादव के साथ मतदान किया। उन्होंने सपा प्रत्याशी प्रशांत यादव और डॉ. आकाश यादव की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि पार्टी के सभी 11 प्रत्याशी मजबूत स्थिति में हैं। उन्होंने मैनपुरी सदर में मतदाता का वोट पहले ही पड़ जाने की शिकायत का जिक्र किया। उनके अनुसार, एक मतदाता को मतदान केंद्र पर पहुंचने पर बताया गया कि उसका वोट पड़ चुका है और उसे शाम चार बजे आने के लिए कहा गया। उन्होंने निष्पक्ष मतदान कराने की मांग की।सपा सांसद अक्षय यादव ने पत्नी डॉ. ऋचा यादव के साथ मतदान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव निष्पक्ष हुआ तो सपा प्रत्याशी बड़ी जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने भाजपा समर्थकों पर मतदान को प्रभावित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया और कहा कि यदि चुनाव में गड़बड़ी हुई तो चुनाव आयोग की जवाबदेही तय होगी।
सैफई ब्लॉक प्रमुख मृदुला यादव समेत अन्य मतदाताओं ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सैफई ब्लॉक स्थित मतदान केंद्र पर स्नातक वर्ग के 1115 और शिक्षक वर्ग के 317 मतदाता पंजीकृत थे। दोनों वर्गों को मिलाकर कुल 1432 मतदाताओं को मतदान करना था। सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ।
भाजपा को वोट चोरी के लिए विश्वविद्यालय खोलकर तीन साल का कोर्स चलाना चाहिए : अखिलेश यादव

