इटावा -जनपद पुलिस व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा थाना बढ़पुरा क्षेत्र के अंतर्गत उदी पुलिस चौकी के नव-निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण किया गया।उक्त चौकी का नव-निर्माण कर उसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। चौकी क्षेत्र में अपराधों की प्रभावी रोकथाम एवं सतत निगरानी हेतु चौकी पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सके।इस अवसर पर जीर्णोद्धारित एवं नव-निर्मित चौकी परिसर का निरीक्षण करते हुए भवन की संरचना, कार्यालय व्यवस्था, अभिलेख संरक्षण, आगंतुक सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि चौकी परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाए रखते हुए आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।उदी पुलिस चौकी भौगोलिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसका क्षेत्र उत्तर प्रदेश–मध्य प्रदेश सीमा से सटा हुआ है। इस दृष्टि से यह चौकी अंतरराज्यीय गतिविधियों की निगरानी एवं अपराध नियंत्रण के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में कार्य करेगी। साथ ही चौकी के माध्यम से क्षेत्र में अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, जिससे शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के अनुरूप प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।उदी चौकी के सुदृढ़ीकरण एवं आधुनिकीकरण से क्षेत्रीय जनता को बेहतर पुलिस सुविधाएं प्राप्त होंगी तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी। *नवीन एवं उन्नत व्यवस्थाओं के माध्यम से चौकी पर आने वाले फरियादियों को सुगम एवं सुरक्षित वातावरण प्राप्त होगा, जिससे पुलिस और जनता के मध्य विश्वास एवं संवाद और अधिक सुदृढ़ होगा।इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभय नाथ त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी नगर अभय नारायण राय,क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर आयुषी सिंह, क्षेत्राधिकारी चकरनगर अवनीश कुमार सिंह ,थाना प्रभारी बढ़पुरा सहित अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
उदी चौकी के नव-निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्य का एसएसपी ने किया लोकार्पण, ओवरलोडिंग वाहनों पर विशेष निगरानी

