पत्रकार के समर्थन में किसान यूनियन मैदान में एसएसपी को सौंपा ज्ञापन

इटावा -जनपद में एक पत्रकार के खिलाफ दर्ज कथित फर्जी एससी-एसटी मुकदमे को लेकर मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस संबंध में भारतीय परमार्थ न्यास (BPN भारत) संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव कुमार यादव द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि पत्रकार असित कुमार यादव उर्फ सनी, जो जनहित के मुद्दों को उठाते रहे हैं, ने हाल ही में एक मंदिर में लाइट व्यवस्था को लेकर सवाल उठाया था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा उनके खिलाफ षड्यंत्र रचते हुए फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया।घटना के संबंध में उल्लेख किया गया है कि 17 अप्रैल को सुबह करीब 11 बजे किशन यादव अपने साथियों के साथ पत्रकार से मिलने पहुंचे और अनुराग नाम के व्यक्ति से मुलाकात कराने की बात कही। इसके बाद उसी दिन शाम 7:25 बजे पत्रकार को फोन कर बुलाया गया। पत्रकार रात करीब 8:24 बजे बताए गए स्थान, सांसद कार्यालय के बाहर पहुंचे, लेकिन वहां संबंधित व्यक्ति मौजूद नहीं मिला। बताया गया कि पत्रकार कुछ ही सेकंड में वहां से वापस लौट आए, जिसका सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने का दावा किया गया है।इसके बावजूद पत्रकार पर जातिसूचक शब्द कहने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। प्रार्थना पत्र में यह भी कहा गया है कि जिस स्थान की घटना बताई जा रही है, वहां ऑडियो रिकॉर्डिंग युक्त सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, जिनकी जांच से वास्तविकता सामने आ सकती है।संगठन ने आरोप लगाया है कि थाना फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के दौरान वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया, परिजनों को सूचना नहीं दी गई तथा मोबाइल फोन जब्त कर साक्ष्यों को प्रभावित करने का प्रयास किया गया।प्रार्थना पत्र के माध्यम से मांग की गई है कि पत्रकार के खिलाफ दर्ज मुकदमे को तत्काल निरस्त किया जाए तथा किशन यादव सहित कथित षड्यंत्र में शामिल अन्य लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही थाना प्रभारी अमित मिश्रा को तत्काल प्रभाव से हटाने एवं निलंबित करने की भी मांग उठाई गई है, ताकि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके।संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस दौरान संगठन के पदाधिकारी रजनीश कुमार, धर्मेंद्र कुमार , राहुल कुमार, प्रेम कुमार सहित अन्य दर्जनों पत्रकार साथी भी मौजूद रहे।

Please follow and like us:
Pin Share