भिण्ड 13 अप्रैल 2026/
कलेक्टर भिण्ड की अध्यक्षता में समय सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक कलेक्टर कार्यालय भिण्ड के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत भिण्ड, अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारी तथा कई अधिकारी वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन पर विशेष फोकस किया। विभागवार लंबित शिकायतों की गहन समीक्षा के बाद उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करें। अधिक दिनों से लंबित शिकायतों को शिकायतकर्ता से बातचीत कर समाधान करें।
कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत पिछले वर्ष के सभी अपूर्ण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। सभी भवनों पर रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाएं। जहां पहले से रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगे हैं, वहां छतों की सफाई सुनिश्चित करें ताकि पाईप में कचरा न फंसे। नोडल अधिकारी को प्रगति के आधार पर कार्य करवाने और लापरवाहों पर कार्रवाई करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
हर घर तक पहुंचे शुद्ध पानी
गर्मी के मौसम में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों के सीएमओ और जनपद के सीईओ और पीएचई विभाग को सख्त निर्देश जारी किए हैं। खराब हैंडपंपों, टूटी हुई एवं ब्लॉक पाईप लाईन की तत्काल मरम्मत कराएं, ताकि घर-घर तक पानी निर्बाध रूप से पहुंच सके और कोई शिकायत न आए तथा लोगों को पानी के लिए दूर न जाना पड़े।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि पानी की नियमित टेस्टिंग हो। क्वालिटी चेक करते रहें। साफ-सुथरा शुद्ध पानी हर घर तक पहुंचे। किसी प्रकार की खानापूर्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मौसमी बीमारियों के मद्देनजर तैयारियाँ पर्याप्त रखें
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों को निर्देशित किया कि मौसमी बीमारियों के मद्देनजर तैयारियाँ पर्याप्त रखें। गर्मी के मद्देनजर हीटवेव, लू ताप जैसी मौसमी बीमारियों के बढ़ने की संभावना भी अधिक हो जाती है, ऐसे में चिकित्सा विभाग अपनी सभी तैयारियां सजग रखते हुये आमजन को बेहतर ईलाज उपलब्ध करायें। साथ ही मौसम जनित बीमारियों के रोकथाम हेतु आवश्यक उपाय, एडवाइजरी जारी करना सुनिश्चित करें। उन्होंने पर्याप्त दवा भंडार रखने एवं अन्य आवश्यक सुविधायें सुनिश्चित करने निर्देश दिए।
जिला स्तरीय कार्यक्रम की सभी तैयारियां करें पूर्ण
14 अप्रैल 2026 को डॉ भीमराव अम्बेडकर जी की जयंती के अवसर पर जिला स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों के संबंध में एसडीएम भिण्ड एवं सीएमओ भिण्ड से जानकारी ली एवं सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल को ग्राम सभाओं का आयोजन भी किया जाना है, जिसमें पोषण पखवाड़ा विषय पर भी चर्चा कर लोगों को जानकारी दी जाए।
कलेक्टर ने संकल्प से समाधान अभियान के तहत लंबित आवेदनों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। एचपीवी टीकाकरण की प्रगति की जानकारी ली एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
कलेक्टर ने ईकेवाईसी की समीक्षा कर कहा कि समस्त नगरीय निकाय सीएमओ और सीईओ जनपद समग्र ईकेवाईसी पर विशेष ध्यान दें और कार्य में प्रगति लाएं।
उन्होंने सीएम मॉनिट, सीएस मॉनिट, टीएल पत्र निराकरण की समीक्षा की एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिऐ।

