Headlines

शराब की दुकान से रिश्वत लेते हेड कांस्टेबल गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम की कार्यवाही

इटावा। जिला आबकारी विभाग में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है। एंटी करप्शन टीम ने विभाग के हेड कांस्टेबल तहसीलदार सिंह को एक शराब की दुकान से 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एक ठेकेदार की शिकायत पर की गई।
जानकारी के अनुसार, ठेकेदार उदय प्रताप सिंह ने आरोप लगाया था कि जिले की शराब दुकानों से नियमित रूप से अवैध वसूली की जा रही है। इसी शिकायत के आधार पर एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाकर हेड कांस्टेबल को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में हेड कांस्टेबल तहसीलदार सिंह ने स्वीकार किया कि वह जिला आबकारी निरीक्षक विकास के कहने पर जिले की प्रत्येक शराब दुकान से 10 से 20 हजार रुपये तक की वसूली करता था। यह रकम विभागीय अधिकारियों तक पहुंचाई जाती थी।आरोप यह भी हैं कि अधिकारियों की शह पर कई शराब दुकानें शासन के नियमों की अनदेखी करते हुए सुबह 5 बजे से ही खोल दी जाती हैं। इससे शहर में शराबियों का जमावड़ा लग जाता है और कई बार उपद्रव की घटनाएं भी सामने आती हैं।
एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई से आबकारी विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संबंधित अधिकारियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

Please follow and like us:
Pin Share