Headlines

अपराध नियंत्रण और त्योहारों की सुरक्षा को लेकर एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश

इटावा। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित डीटीयू सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में रविवार को अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें जनपद में घटित अपराधों की समीक्षा करते हुए अपराध नियंत्रण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, लंबित विवेचनाओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस और जनशिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जनसुनवाई को प्राथमिकता देते हुए फरियादियों की समस्याओं पर प्रभावी और नियमानुसार कार्रवाई की जाए। अपराधियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने और अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।आगामी त्योहारों के दृष्टिगत सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बरतने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने और नियमित गश्त करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्थानीय स्तर पर समन्वय बनाए रखते हुए शांति एवं कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।मिशन शक्ति फेज-6.0 के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए मिशन शक्ति फेज-6.0 के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। महिला बीट अधिकारियों, एंटी रोमियो स्क्वाड और मिशन शक्ति केंद्रों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी, सहायता सेवाओं और महिला हेल्पलाइन के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। महिला संबंधी अपराधों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।
गोष्ठी में ई-साक्ष्य ऐप, सीसीटीएनएस प्रणाली, एफआईआर लिंकिंग, आई-रेड, यातायात प्रबंधन, एन-स्टेप, ई-समन तामिला और ऑपरेशन कन्विक्शन की समीक्षा की गई। इसके अलावा गैंगस्टर एवं गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत प्रभावी कार्रवाई करने तथा अपराधियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए।एसएसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करते हुए पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह, सक्रिय और प्रभावी बनाया जाए, जिससे जनपद में सुरक्षा का वातावरण कायम रहे।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर बबीता सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीशचन्द्र, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध संतोष कुमार सिंह, समस्त
क्षेत्राधिकारीगण एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे। जनपद के सभी थाना प्रभारी, थानाध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारी गूगल मीट के माध्यम से वर्चुअल रूप से बैठक में शामिल हुए।

Please follow and like us:
Pin Share