कानपुर। विकास नगर, जू रोड स्थित जय मां चामुंडा धाम मंदिर में शारदीय नवरात्रि की सप्तमी के पावन अवसर पर खीर प्रसाद वितरण कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर माता काली के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा।
कार्यक्रम में कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक सतीश निगम भी पहुंचे। उन्होंने माता काली के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया तथा क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की।
मंदिर व्यवस्थापक सर्वेश बाबा ने बताया कि मंदिर में प्रतिवर्ष विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है, लेकिन इस वर्ष सड़क पर निर्माण कार्य चलने के कारण श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नवरात्रि के उपलक्ष्य में खीर प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर भारतीय गौ रक्षा संघ के भरत पांडे, सौरभ तिवारी सहित रजनीश, मंगल, राजेश, मामा और सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजन के दौरान भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला और श्रद्धालुओं ने माता काली से सुख-समृद्धि की कामना की।
जय मां चामुंडा धाम मंदिर में खीर प्रसाद वितरण, भक्तों ने किए माता काली के दर्शन

