इटावा। मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत भरेह थाना पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने थाना क्षेत्र में जागरूकता चौपाल आयोजित कर महिलाओं, छात्राओं और अन्य लोगों को महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए 112, वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 102 व 108, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 नंबर का उपयोग किया जा सकता है।कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए लोगों को किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा न करने और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी गई। पुलिस टीम ने ऑनलाइन लेन-देन और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय सतर्कता बरतने पर भी जोर दिया।
इस दौरान छात्राओं को जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए और उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता और जनहित से जुड़े विषयों पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि महिलाएं एवं बालिकाएं सुरक्षित वातावरण में अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रह सकें।
मिशन शक्ति अभियान भरेह पुलिस ने महिलाओं और छात्राओं को किया जागरूक

