इटावा। मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत लवेदी थाना पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने ग्राम चंदपुरा स्थित शारदीय नवरात्रि पंडाल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। साथ ही किसी भी समस्या या आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए महिला हेल्पलाइन एवं आपातकालीन नंबरों 1090, 181, 112, 1930, 1098, 102, 108 और 101 के बारे में बताया गया।
पुलिस टीम ने महिलाओं को वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी लेकर उन्हें सुरक्षा संबंधी उपायों और उपलब्ध सहायता माध्यमों से अवगत कराया गया।
जागरूकता कार्यक्रम में कांस्टेबल ज्ञान प्रकाश, कांस्टेबल अम्बरीश कुमार, महिला कांस्टेबल निशा और महिला कांस्टेबल पूनम मौजूद रहीं। पुलिस की ओर से मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
नवरात्रि पंडाल में मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को किया जागरूक लवेदी पुलिस ने साइबर अपराधों से बचाव और महिला हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

