इटावा-इटावा रेलवे जंक्शन पर जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन से अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप अपर पुलिस महानिदेशक रेलवे लखनऊ के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक रेलवे आगरा के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपाधीक्षक रेलवे सर्किल इटावा व थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार के नेतृत्व में टीम द्वारा ट्रेनों में सघन चेकिंग की जा रही थी।मुखबिर की सूचना पर ट्रेन संख्या 15484 सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस को इटावा जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 3 पर चेक किया गया। एच-1 कोच में एक संदिग्ध युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से एक ट्रॉली बैग और चार पिट्ठू बैग बरामद हुए। तलाशी के दौरान कुल 48 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब (रेड लेबल, ब्लैक डॉग और ब्लेंडर प्राइड) बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 61 हजार रुपये बताई जा रही है।गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम गौरव कुमार (22 वर्ष), निवासी बेगूसराय, बिहार बताया है। उसके खिलाफ थाना जीआरपी इटावा में मु0अ0सं0 15/2026 धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम के कई अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस से 48 बोतल अवैध शराब बरामद, एक गिरफ्तार

