ग्वालियर – कलेक्टर ग्वालियर श्रीमती रुचिका सिंह चौहान के मार्गदर्शन में ग्वालियर में स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला ग्वालियर डॉक्टर सचिन श्रीवास्तव ने बताया कि अब सरकारी अस्पताल में मरीज की बीमारी या दुर्घटना के चलते शासकीय अस्पतालों में इलाज के दौरान मृत्यु होने पर शव वाहन के लिए परिजनों को न भटकना पड़ेगा न लम्बा इंतजार करना पड़ेगा ।
लोक स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग ने मृतक के शव को ससम्मान घर तक पहुंचाने के लिए शव वाहनों की व्यवस्था की है, इसके लिए हेल्थ विभाग ने टोल फ्री नंबर 155334 जारी किया है, जरूरतमंद इस नम्बर पर फोन करके शव वाहन बुला सकते है।
ग्वालियर जिले के 108 जिला नोडल अधिकारी इन्द्रपाल निवारिया ने बताया कि
यह निःशुल्क सरकारी शव वाहन की व्यवस्था उनके लिए है जिन मरीजों की इलाज के दौरान मृत्यु शासकीय मेडिकल कॉलेज से सम्बन्धित सभी अस्पताल, जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल, सामुदायिक, अथवा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र या अन्य सरकारी हास्पिटल में इलाज के दौरान हुई हो ।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला ग्वालियर डॉक्टर सचिन श्रीवास्तव ने आमजन से अपील की है कि आवश्यकता पड़ने पर टोल फ्री नम्बर 155334 पर फोन करके नि: शुल्क शव वाहन बुलवा सकते हैं।

