इटावा। नारायन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स में फ्रेशर एवं फेयरवेल पार्टी का रंगारंग आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीबीए, बीसीए एवं डीफार्मा के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का स्वागत किया गया, वहीं तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. धर्मेंद्र शर्मा, प्राचार्य नारायन कॉलेज ऑफ साइंस एंड आर्ट्स, श्रीमती पूनम शर्मा, वाइस चेयरमैन इंजी. अंकित तिवारी, अभिषेक तिवारी, प्राचार्य नारायन कॉलेज ऑफ फार्मेसी, योगेश कुमार, प्राचार्य नारायन कॉलेज ऑफ साइंस एंड आर्ट्स एवं रुकुम पाल सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।इस अवसर पर वाइस चेयरमैन इंजी. अंकित तिवारी ने कहा कि महाविद्यालय गुणवत्तापरक शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को निखारकर उन्हें प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना संस्थान की प्राथमिकता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से ऐसे आयोजनों के माध्यम से नए अनुभव प्राप्त करने और अपनी प्रतिभा को विकसित करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि नारायन कॉलेज विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हमेशा प्रयासरत रहता है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा पूरी कर रोजगार के क्षेत्र में सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। वहीं महाविद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा और मेहनत से संस्थान का नाम राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी रोशन होगा। संस्थान उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए सदैव सहयोग करता रहेगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान बीबीए, बीसीए एवं डीफार्मा की छात्राओं ने आकर्षक समूह नृत्य प्रस्तुत किए। बीसीए प्रथम सेमेस्टर की छात्राओं ने एकल एवं समूह नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम में बीबीए प्रथम वर्ष की छात्रा गरिमा को मिस फ्रेशर, डीफार्मा प्रथम वर्ष के छात्र प्रफुल्ल सक्सेना को मिस्टर फ्रेशर तथा बीसीए अंतिम वर्ष की छात्रा सलोनी मिश्रा को मिस फेयरवेल चुना गया। मंच का सफल संचालन बीसीए अंतिम वर्ष की छात्रा सलोनी मिश्रा एवं बीबीए प्रथम वर्ष की छात्रा गरिमा ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में बीबीए विभागाध्यक्ष डॉ. श्वेता सिंह, बीसीए विभागाध्यक्ष राहुल पाल, डीएलएड विभागाध्यक्ष योगीराज पुरवार, डॉ. सुमन लता, प्रवक्ता मोहम्मद शरीफ, अभिषेक मिश्रा, जयंत यादव, लेफ्टिनेंट अनिकेत यादव, आकाश यादव, विकास यादव, नंदिता एवं चंद्र कुमार का विशेष योगदान रहा।
नारायन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स में फ्रेशर एवं फेयरवेल पार्टी की रही धूम

