Headlines

महेरा फाटक का निर्माण पूर्व में स्वीकृत नक्शे के आधार पर कराने की मांग

इटावा। महेरा फाटक पर प्रस्तावित ओवरब्रिज के निर्माण को लेकर क्षेत्रीय लोगों ने पूर्व में स्वीकृत नक्शे के अनुसार ही निर्माण कार्य कराए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में महेरा फाटक के आसपास रहने वाले दो सैकड़ा से अधिक लोगों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित नक्शे में बदलाव किए जाने पर विरोध जताया। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने भी क्षेत्रीय जनता की मांग का समर्थन किया है।
क्षेत्रीय लोगों के अनुसार, वर्ष 2023 में भाजपा सांसद रामशंकर कठेरिया ने महेरा फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा था। इसके बाद सदर विधायक सरिता भदौरिया ने वर्ष 2025 में रेल मंत्री से मुलाकात कर ओवरब्रिज निर्माण का अनुरोध किया था। इसके लिए एक नक्शा तैयार कर स्वीकृति भी दी गई थी। आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा जमीन जाने और ओवरब्रिज के सामने आने जैसी भ्रामक सूचनाएं देकर पत्राचार किया गया, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।ज्ञापन देने वालों में शामिल उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष ओम रतन कश्यप ने बताया कि पूर्व में स्वीकृत नक्शे के अनुसार ओवरब्रिज भदवा मार्ग पर उतरता, जिससे महेरा फाटक पर लगने वाले जाम की समस्या समाप्त होती। उनका आरोप है कि कुछ अराजक तत्वों ने राजनीतिक द्वेष के चलते नक्शे में बदलाव करा दिया है। नए प्रस्ताव के अनुसार पुल को आगरा-कानपुर बाईपास पर आगरा की ओर जाने वाली सर्विस लेन से जोड़ने की बात सामने आई है, जो आगे सर्विस लेन से होते हुए भरथना रोड पर हाईवे के नीचे बने ओवरब्रिज से गुजरेगा।उन्होंने आशंका जताई कि यदि नए नक्शे के अनुसार निर्माण हुआ तो भरथना रोड पर जाम की समस्या और गंभीर हो जाएगी। इससे करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद क्षेत्रीय जनता को जाम से राहत नहीं मिल सकेगी। साथ ही महेरा फाटक के आसपास स्थित दुकानों का कारोबार भी प्रभावित होगा और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से जनहित और व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए पूर्व में स्वीकृत नक्शे के आधार पर ही ओवरब्रिज का निर्माण कराने की मांग की।
ज्ञापन देने वालों में व्यापार मंडल के जिला महामंत्री हरि गोपाल शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष राजीव कुमार पाल, युवा शहर अध्यक्ष मुकेश कुमार दुबे, युवा शहर उपाध्यक्ष आशीष दत्त तिवारी, सनी कुशवाहा, जयवीर कुशवाहा, ओम सिंह कुशवाहा, सौरभ कुशवाहा, प्रमोद कुशवाहा, परमानंद कुशवाहा, मनोज कुशवाहा, एडवोकेट कमलेश शाक्य, सिंटू कुशवाहा, पिंटू कुशवाहा, बल्लू कुशवाहा, महेश पाल फौजी, संतोष कश्यप, रामगोपाल कश्यप, एडवोकेट कपिल सिंह, बबलू कुशवाहा, शैलेंद्र शाक्य, महेश बाबू शाक्य, राजीव कुमार, छोटेलाल, अनीता देवी, कृष्णा देवी, सूरजमुखी, विशाल कुशवाहा, दिनेश कुमार, राम सिंह यादव, नितिन चौहान, डॉ. आरएस पाल, नितिन पाल, अभिनेंद्र सिंह, आशुतोष शर्मा, अमरदीप, कुलदीप, राकेश सिंह चौहान, राम बहादुर कुशवाहा, चंद्रशेखर, आशीष कुमार, सुनील कुमार, अभय कुमार और ममता शाक्य सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

Please follow and like us:
Pin Share