Headlines

काजी पेट्रोल पंप और रेलवे स्टेशन पर साइबर जागरूकता अभियान, कर्मचारियों व यात्रियों को किया जागरूक

साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय, संदिग्ध कॉल और अनजान लिंक से सतर्क रहने की अपील

इटावा। साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इटावा पुलिस की साइबर क्राइम टीम ने बुधवार को पेट्रोल पंप और रेलवे स्टेशन पर जागरूकता अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान पेट्रोल पंप कर्मचारियों और रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।अभियान के तहत काजी पेट्रोल पंप पर कार्यरत कर्मचारियों को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा क्रेडिट कार्ड के माध्यम से कैश प्राप्त करने तथा संदिग्ध लेन-देन के प्रति सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। वहीं रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को टिकट बुकिंग और रिजर्वेशन के नाम पर होने वाली ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी टिकट तथा ऑनलाइन भुगतान से जुड़े साइबर फ्रॉड के प्रति जागरूक किया गया।पुलिस टीम ने लोगों को बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंकिंग विवरण और व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। संदिग्ध कॉल, मैसेज और अनजान लिंक से बचें। टिकट बुकिंग के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट या विश्वसनीय माध्यमों का ही इस्तेमाल करें। इसके साथ ही व्हाट्सएप हैकिंग, फिशिंग, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया और ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड से बचाव के तरीके भी बताए गए।
पुलिस ने अपील की कि साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर बिना देरी किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें अथवा आधिकारिक वेबसाइटwww.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। अभियान के अंत में लोगों को स्वयं जागरूक रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

Please follow and like us:
Pin Share