इटावा। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा उ.प्र. धर्मवीर प्रजापति ने जिला अस्पताल, टीबी अस्पताल का निरीक्षण किया जिसमें उन्होंने विश्व छय रोग दिवस के अंतर्गत टीबी मुक्त व्यक्तियों को प्रमाण पत्र, प्रतीक चिन्ह, निश्चय पोषण एवं पोटली वितरण की। इसके बाद उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का उद्घाटन किया।
प्रभारी मंत्री ने विकास भवन में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया एवं स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई। साथ ही गोदभराई एवं अन्नप्राशन का कार्यक्रम भी कराया। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा उ.प्र. धर्मवीर प्रजापति की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में विभिन्न विभागों के लाभार्थीपरक योजनाओं की प्रचार प्रसार की प्रदर्शनी एवं सरकार के नव निर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।प्रभारी मंत्री ने दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण से संबंधित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया एवं प्रदेश सरकार की सेवा, सुरक्षा एवं सुशासन की नीति के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर कार्य किया जा रहा है तथा विभिन्न विभागों में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में सिफारिश आधारित व्यवस्थाओं के स्थान पर अब पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष प्रणाली लागू की गई है। उन्होंने ‘पीएम राहत’ योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, जिसके अंतर्गत दुर्घटना में घायल व्यक्तियों के उपचार हेतु निर्धारित अस्पतालों में 1.5 लाख रुपये तक का व्यय सरकार द्वारा वहन किया जाता है। साथ ही महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबर के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी बल दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार जनपद में जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे जिससे अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ मिल सके। प्रभारी मंत्री ने “नव निर्माण के नौ वर्ष” विकास पुस्तिका का विमोचन किया और पात्र लाभार्थियों को टेबलेट वितरित किये। युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को प्रशस्ती पत्र एवं चेक वितरित किए। मिशन शक्ति के अंतर्गत महिला लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं सील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। उक्त के पश्चात प्रभारी मंत्री ने पंचनद कैफे कुनैरा का उद्घाटन किया। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार ने किया। कार्यक्रम में सदर विधायक सरिता भदौरिया, जिलाध्यक्ष बीजेपी अन्नू गुप्ता, पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी, जनप्रतिनिधिगण सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी एवं लाभार्थी आदि उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री ने स्टालों का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी दी

