कार्यों में समाज की भागीदारी हो तभी विकास संभव: संभाग समन्वयक

मेहगांव। किसी भी कार्य को करने के लिए समाज की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है यदि समाज की भागीदारी नहीं होगी तो उसे कार्य की सफलता में संदेह है। प्रस्फुटन समितियों का यह दायित्व है कि वह अपने ग्राम में समाज की भागीदारी को सुनिश्चित करते हुए ग्राम विकास की अवधारणा को पूर्ण करें उक्त बात मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के संभाग समन्वयक धर्मेंद्र सिसोदिया ने कही। वे जनअभियान परिषद की नवांकुर संस्था उदय सामाजिक सेवा समिति द्वारा आयोजित प्रस्फुटन समितियों के प्रशिक्षण में मुख्यअतिथि के रूप में बोल रहे थे। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा महेश्वरी,जिला समन्वयक शिवप्रताप सिंह भदौरिया, विकासखंड समन्वयक जयप्रकाश शर्मा, नवांकुर संस्था के मुकेश कर्ण एवं सेक्टर एक की प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधि, नवांकुर सखी उपस्थित थीं। कार्यशाला का संचालन विकासखंड समन्वयक जयप्रकाश शर्मा ने और आभार प्रदर्शन नवांकुर संस्था के मुकेश कर्ण ने किया।
मेहगांव के गोरमी स्थित शिव विद्या निकेतन के सभागार में आयोजित इस प्रशिक्षण के शुभारंभ में दीप प्रज्वलन उपरांत नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा महेश्वरी ने कहा जन अभियान परिषद की प्रस्फुटन योजना महत्वपूर्ण है और यदि इनके बताए कार्यों के अनुसार आप ग्राम में कार्य करेंगे तो निश्चित ही आपका ग्राम आदर्श ग्राम होगा।
संभाग समन्वयक धर्मेंद्र सिसोदिया ने कहा नवांकुर संस्थाएं अपने अपने सेक्टर में प्रशिक्षण दे रहीं हैं। इस प्रशिक्षण से निश्चित ही समितियों की कार्यशैली में निखार आयेगा। आपको जो कार्य बताए हैं वह तन्मयता से करें और अपनी उपस्थिति सिद्ध करें।जिला समन्वयक डॉ शिवप्रताप सिंह भदौरिया ने कहा किसी भी संस्था के संचालन में कुछ बिंदु बहुत महत्वपूर्ण होते हैं आज हम उन्हें सात बिंदुओं पर आपको जानकारी दे रहे हैं कि प्रस्फुटन समिति के संचालन में यह ब्रह्मास्त्र हैं। उन्होंने कहा आज गांवों में संजीदगी से कार्य करने की बेहद आवश्यकता है। प्रस्फुटन समितियां ग्राम में शासन की ईकाई के रूप में ईमानदारी से कार्य कर एक मिसाल पेश करें और सर्वांगीण विकास में सहयोगी बन शासन की मंशा को साकार करें।
विकासखंड समन्वयक जयप्रकाश ने कहा कि प्रस्फुटन समितियों को ग्राम विकास की अवधारणा को साकार करने के लिए एक बेहतर मंच दिया गया है नवांकुर के रूप में अब आपके पास एक सक्षम साथ है जिसके माध्यम से आपके कार्य भी निखरेंगे। सभी समितियां अपने कार्यों को दिशा निर्देशों के आधार पर पूर्ण करें जिससे कि आने वाले दिनों में उनके कार्य ग्रामों में भी दिखाईदें। संस्था के मुकेश कर्ण ने कहा कि हम सदैव समितियां के साथ खड़े हैं और जो भी आवश्यकता होगी उन्हें निरंतर पूर्ण करने का प्रयास करेंगे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी समितियों के प्रतिनिधियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। प्रशिक्षण कार्यशाला का संचालन विकासखंड समन्वयक जयप्रकाश शर्मा ने और आभार प्रदर्शन नवांकुर संस्था के मुकेश कर्ण ने किया।

Please follow and like us:
Pin Share