भावांतर भुगतान योजना अंतर्गत सरसों फसल का अधिक से अधिक कराएं पंजीयन – कलेक्टर

भिण्ड 16 मार्च 2026/ कलेक्टर भिण्ड की अध्यक्षता में समय सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक कलेक्टर कार्यालय भिण्ड के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत भिण्ड, अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारी तथा कई अधिकारी वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन पर विशेष फोकस किया। विभागवार लंबित शिकायतों की गहन समीक्षा के बाद उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करें। 50 दिन से अधिक लंबित शिकायतों को शिकायतकर्ता से बातचीत कर समाधान करें।
कलेक्टर ने संकल्प से समाधान अभियान में तेजी लाने निर्देश देते हुए संकल्प से समाधान अभियान के तहत लंबित आवेदनों के शीघ्र निराकरण पर बल दिया। ब्लॉक स्तर पर शिविर आयोजित कर लोगों को योजनाओं की जानकारी देने निर्देश दिए। सभी जिला अधिकारी शिविरों में उपस्थित रहें ताकि कोई हितग्राही लाभ से वंचित न रहे। फील्ड में घूमकर हितग्राहियों को जागरूक करें, आवेदन पोर्टल पर दर्ज कराएं और तुरंत लाभ पहुंचाएं।
कलेक्टर ने ईकेवाईसी की समीक्षा कर कहा कि समग्र ईकेवाईसी को संकल्प से समाधान में जल्द पूरा करें।
भावांतर भुगतान योजना अंतर्गत किसानों को प्रेरित कर और इसके लाभ की जानकारी देकर सरसों फसल का अधिक से अधिक पंजीयन ई-उपार्जन पोर्टल पर कराना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने बैठक के दौरान निर्देशित किया कि जिले में घरेलू गैस सप्लाई निर्बाध चलती रहे और सुनिश्चित करें कि आमजनों को परेशानी का सामना ना करना पड़े। विभागीय अधिकारी जिले में घरेलू गैस की मांग का आंकलन करें और एजेंसियों से संपर्क बनाए रखें।
उन्होंने सीएम मॉनिट, सीएस मॉनिट, टीएल पत्र निराकरण की समीक्षा की एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिऐ।

Please follow and like us:
Pin Share