भिण्ड 12 मार्च 2026/ कलेक्टर भिण्ड की अध्यक्षता में पूरक पोषण आहार की गुणवत्ता, जबावदारियां, क्रय की प्रक्रिया, वितरण एवं पोषण ट्रेकर द्वारा पारदर्शिता एवं निगरानी समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भिण्ड, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग भिण्ड सहित अन्य अधिकारी, समिति सदस्य उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने बैठक के दौरान सुपरवाइजरों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे कुपोषित बच्चों को चिन्हित करें, उनके परिजनों को समझाकर बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती कराएं। उन्होंने घर-घर जाकर बच्चों की जांच कर डेटा एंट्री करने के आदेश दिए। कुपोषण मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। परिजनों को बच्चों की आयु के अनुरूप उपयुक्त पोषण आहार की जानकारी देने पर जोर दिया।
सभी सीडीपीओ को फील्ड भ्रमण करने, सेक्टरों का दौरा करने, बच्चों एवं उनके परिजनों से सीधे मिलने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों को आकर्षक बनाने पर बल दिया ताकि बच्चे स्वयं केंद्रों पर पहुंचें। उन्होंने गुणवत्ता पूरक पोषण आहार के वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा पोषण ट्रेकर ऐप के माध्यम से निगरानी मजबूत करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी निभाने को कहा।
कुपोषण को मिटाने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सहयोग महत्वपूर्ण है – कलेक्टर

