मुफ्त टीकाकरण अभियान का प्रभारी कलेक्टर ने किया उद्घाटन

दतिया।जिले की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। इसके तहत राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान का जिले में शुभारंभ प्रभारी कलेक्टर श्री महेंद्र कवचे द्वारा किया गया। इस अभियान का उद्देश्य किशोरियों को समय रहते सुरक्षा कवच प्रदान करना है, ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को प्रभावी रूप से कम किया जा सके। प्रभारी कलेक्टर श्री कवचे ने अभियान का उद्घाटन करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि पहले चरण में विशेष रूप से 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं का शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह अभियान जन स्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाहीस्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को स्पष्ट कार्ययोजना के साथ लक्ष्य समूह तक पहुँचने के निर्देश दिए।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.के. वर्मा, टीकाकरण अधिकारी डॉ. डी.के. सोनी, जिला शिक्षा अधिकारी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित समस्त स्वास्थ्य अमले को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि स्कूलों, आंगनवाड़ियों और समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाकर अधिक से अधिक बालिकाओं को टीकाकरण से जोड़ा जाए।
कार्यक्रम में डॉ. के.सी. राठौर सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक, डॉ. डी.एस. तौर आरएमओ, डॉ. सुरेश सिंह तौमर स्त्री रोग विशेषज्ञ, आशीष खरे, आरती यादव कोल्ड चौन प्रभारी, माला सचान नर्सिंग ऑफिसर, रीना नर्सिंग ऑफिसर, पंखुड़ी नर्सिंग ऑफिसर, सुषमा पाण्डेय शहरी सुपरवाइजर हितग्राही एवं उनके परिजन उपस्थित रहे। सभी ने अभियान की सफलता के लिए सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अभियान की सबसे बड़ी राहत यह है कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए दी जाने वाली वैक्सीन अब सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों पर पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। वर्तमान में बाजार में उपलब्ध Gardasil वैक्सीन की एक खुराक की कीमत लगभग 4,000 रुपये तक होती है, लेकिन सरकार ने इसे यूनिवर्सल इम्यूनाइजेशन प्रोग्राम में शामिल कर आमजन के लिए मुफ्त कर दिया है।स्वास्थ्य विशेषज्ञों और तकनीकी सलाहकारों के विस्तृत अध्ययन के बाद यह तय किया गया है कि 14 से 15 वर्ष की आयु में Gardasil-4 की एक सिंगल डोज ही शरीर में पर्याप्त प्रतिरक्षा उत्पन्न करने में सक्षम है। इससे न केवल टीकाकरण प्रक्रिया सरल होती है, बल्कि फॉलो-अप डोज कीआवश्यकता भी समाप्त हो जाती है।टीकाकरण प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए U&WIN पर पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। अभिभावक घर बैठे अपनी बेटियों का पंजीकरण कर सकते हैं और नजदीकी केंद्र पर टीका लगवा सकते हैं।ऑन्कोलॉजिस्ट के अनुसार भारत में महिलाओं में कैंसर से होने वाली मौतों का एक प्रमुख कारण सर्वाइकल कैंसर है, जो ह्यूमन पैपिलोमा वायरस संक्रमण से होता है। यह एक ऐसा कैंसर है जिसे समय पर टीकाकरण द्वारा काफी हद तक रोका जा सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि विवाह पूर्व आयु में लगाया गया टीका जीवनभर सुरक्षा प्रदान करने में सहायक होता है।
प्रभारी कलेक्टर श्री कवचे ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं।जिले में आज से जिला चिकित्सालय दतिया, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौनी, भांडेर, इंदरगढ़, बसई तथा सिविल अस्पताल सेंवढ़ा में चिन्हित केंद्रों पर एचपीवी टीकाकरण शुरू कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे नजदीकी केंद्र पर पहुँचकर इस निःशुल्क सुविधा का लाभ उठाएं।

Please follow and like us:
Pin Share