भिण्ड 28 फरवरी 2026/ होली पर्व के अवसर पर व्यापार मंडल धर्मशाला में जिला पंचायत भिण्ड द्वारा आयोजित दो दिवसीय आजीविका होली मेला का कलेक्टर भिण्ड ने अवलोकन कर स्व-सहायता समूह द्वारा निर्मित उत्पादों की जानकारी ली। जिसमें प्राकृतिक रूप से बनाए गए कलर, गुजिया, क्षार के लड्डू, मसाले, शहद, अचार-पापड़, गौ-काष्ठ, होली से संबंधित आदि उत्पादों का मेला लगाया गया। उन्होंने स्वयं भी समूह द्वारा निर्मित हर्बल रंग की खरीददारी की।
कलेक्टर ने सभी जिलेवासियों से पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सौहार्द के साथ गौ-काष्ठ आधारित होलिका दहन मनाने की अपील की। जिलेवासियों को आगामी होली पर्व के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, जल बचत एवं सामाजिक समरसता के संदेश के साथ होलिका दहन पर्व की शुभकामनाएँ दी।
उन्होंने कहा कि जिले में सभी सार्वजनिक होलिका दहन कार्यक्रमों में लकड़ी के स्थान पर उपलों एवं गौ-काष्ठ के उपयोग किए जाएं। शासन के निर्देशानुसार सार्वजनिक होलिका दहन कार्यक्रमों का पंजीयन निकटतम नगरीय निकायों, एवं ग्राम पंचायतों में कराया जाए। होली के पर्व पर प्राकृतिक/हर्बल रंगों का उपयोग करें। होलिका दहन कार्यक्रमों में सामाजिक सौहार्द बनाते हुए अग्नि दुर्घटना ना हो इसका ध्यान रखा जाए। होली पर्व पर आयोजित होने वाले समस्त कार्यक्रम “स्वच्छ एवं स्वस्थ होली” की थीम पर किए जाएं।
उन्होंने सभी जिलेवासियों को होली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
पर्यावरण संरक्षण के लिए करें गौ-काष्ठ आधारित होलिका दहन – कलेक्टर

