भिण्ड 28 फरवरी 2026/ जिले में 14 वर्ष से 15 वर्ष तक की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से एचपीव्ही (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ कार्यक्रम विधायक भिण्ड श्री नरेन्द्र सिंह कुशवाह एवं कलेक्टर भिण्ड की उपस्थिति में जिला अस्पताल भिण्ड से गरिमामय समारोह के साथ किया गया। यह टीका महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम का प्रभावी एवं सुरक्षित माध्यम है।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आज अजमेर, राजस्थान से राष्ट्रव्यापी एचपीव्ही (HPV) टीकाकरण अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला चिकित्सालय परिसर में देखा एवं सुना गया।
विधायक भिण्ड श्री नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने कार्यक्रम को संबोधित कर कहा कि कैंसर एक गंभीर बीमारी है, जिससे व्यक्ति के साथ-साथ परिवार भी प्रभावित होता है। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं कि पैसे के अभाव में बीमारी के कारण किसी भी व्यक्ति की मृत्यु न हो। इसलिए सरकार ने आयुष्मान कार्ड बनवाया, जिससे 5 लाख तक का निःशुल्क इलाज किया जाता है। जननी सुरक्षा योजना, जननी एक्सप्रेस योजना जैसी अनेक योजनाओं की शुरुआत की है।
आज सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए प्रधानमंत्री जी ने राजस्थान के अजमेर से 14 वर्ष की बालिकाओं के टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने बालिकाओं के स्वास्थ्य की चिंता कर निःशुल्क टीकाकरण अभियान की शुरुआत की। इस टीकाकरण से सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को रोका जा सकता है।
विधायक श्री कुशवाह ने कहा कि सरकार निरंतर प्रयास कर रही है कि हमारी बहन-बेटियों की सुरक्षा कैसे की जाए।
कलेक्टर ने कहा कि ये एक ऐसी पहल है जिसके बारे में हम सभी को पता होना चाहिए। अभियान के तौर पर तीन महीने तक टीकाकरण कराया जाएगा। सभी से अपील है कि इसमें अधिक से अधिक संख्या में भाग लें। उन्होंने कहा कि यह एचपीव्ही का टीका की बाजार में कीमत चार हजार से लेकर दस हजार रूपये तक है। लेकिन सरकार चाहती है कि इस सर्वाइकल कैंसर से लड़ने के लिए हम अधिक से अधिक प्रयास करें। यह एक मात्र ऐसा कैंसर है जिसे हम टीकाकरण के माध्यम से रोक सकते हैं। यह टीका निःशुल्क दिया जा रहा है और अभी प्रारंभिक तौर पर 14 वर्ष से 15 वर्ष तक की बालिकाओं को ही टीकाकरण किया जा रहा है। काफी टेस्टिंग के बाद ही यह टीका सार्वजनिक कार्यक्रम में उपयोग में लाया जा रहा है, इसके कोई साईड इफेक्ट नहीं है और यह एक सामान्य टीके की तरह है।
उन्होंने कहा कि यह अभियान बालिकाओं के स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रयास है, अतः सभी लोग पूर्ण सक्रियता एवं जिम्मेदारी के साथ अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें और अपने आस-पड़ोस, परिवार में 14 वर्ष से 15 वर्ष तक की बालिकाओं को टीका लगवाने के लिए प्रेरित करें।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भिण्ड ने कार्यक्रम के दौरान टीकाकरण करवा रहीं बालिकाओं को एचपीव्ही टीके के महत्व एवं इसके लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव में अत्यंत प्रभावी है और बालिकाओं के उज्ज्वल स्वास्थ्य भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

