भिण्ड शहर स्थित मिष्ठान दुकानों एवं किराने की दुकानों से लिए नमूने

भिण्ड 28 फरवरी 2026/ कलेक्टर भिण्ड एवं अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा प्रशासन भिण्ड के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुश्री रेखा सोनी एवं श्रीमती रीना बंसल ने भिण्ड शहर के भारौली तिराहा स्थित मिष्ठान दुकानों एवं किराने की दुकानों से मिठाईयों, मसालों, दालों, गुड़, शक्कर, चाय पत्ती आदि खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में जांच किए। फूड लैब केमिस्ट सुश्री आरती शिवहरे ने सभी नमूनों की मौके पर जांच की। मौके पर जय गुरुकृपा मिष्ठान भंडार की मावा बर्फी अमानक पाई जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने नष्ट कराई। जय गुरुकृपा मिष्ठान भंडार पर मिले जले हुए 02 किलो खाद्य तेल को मौके पर ही नष्ट कराया। चलित खाद्य प्रयोगशाला से आमजन को मिलावट की जानकारी देकर जागरूक किया एवं दुकान संचालकों को खाद्य पदार्थों के निर्माण, रख-रखाव, खाद्य-अखाद्य रंगों के बारे में प्रशिक्षण दिया। खाद्य पदार्थों की दुकानों पर स्वच्छता एवं साफ-सफाई न पाई जाने पर हैप्पी स्वीट्स, जय हनुमान मिष्ठान भंडार, जय गुरुकृपा मिष्ठान भंडार, राम किराना को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 का नोटिस जारी किया।

Please follow and like us:
Pin Share