भिण्ड 24 फरवरी 2026/
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद अंतर्गत जिले भर की नवांकुर समितियों की एक दिवसीय समीक्षा बैठक का आयोजन भिंड में किया गया। बैठक में जिले के सभी विकासखंडों से नवांकुर संस्थाओं एवं समन्वयकों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम का उद्देश्य नवांकुर समितियों द्वारा किए जा रहे सामाजिक, शैक्षणिक एवं जनजागरूकता संबंधी कार्यों की विस्तृत समीक्षा करना तथा आगामी कार्ययोजना को सुदृढ़ बनाना था।
बैठक के मुख्य अतिथि जब अभियान परिषद के संभाग समन्वयक धर्मेंद्र सिसोदिया (संभाग चंबल) रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नवांकुर समितियाँ समाज में जागरूकता और सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम बन रही हैं। उन्होंने सभी समितियों से अपेक्षा की कि वे ग्राम स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का कार्य करें।
कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक शिवप्रताप सिंह भदौरिया (जिला भिंड) द्वारा किया गया। उन्होंने जिले में संचालित नवांकुर गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि समितियाँ नियमित रूप से मासिक बैठक आयोजित कर स्थानीय समस्याओं पर चर्चा एवं समाधान का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने बताया कि नवांकुर समितियों द्वारा संचालित नर्सरी कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, वहीं संस्कार केन्द्रों के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं में नैतिक शिक्षा और सामाजिक मूल्यों का विकास किया जा रहा है। संस्कार केंद्र से आदर्श ग्राम बनेगा।
बैठक में दीवाल लेखन के माध्यम से जनजागरूकता अभियान, जन सूचना केन्द्रों के संचालन तथा 12वीं कक्षा उत्तीर्ण युवाओं द्वारा ग्राम सर्वे जैसे कार्यों की विशेष सराहना की गई। यह ग्राम सर्वे स्थानीय संसाधनों, आवश्यकताओं एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायक सिद्ध हो रहा है। इसके अतिरिक्त सेक्टर बैठकों के माध्यम से विभिन्न समितियों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्यों की गति को बढ़ाया जा रहा है।
नवांकुर समितियों द्वारा प्रस्फुटन समितियों का निर्माण कर ग्राम स्तर पर सामाजिक सहभागिता को मजबूत किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में आत्मनिर्भरता और सामुदायिक नेतृत्व की भावना विकसित हो रही है। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि प्रत्येक विकासखंड में इन गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा तथा युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाई जाएगी।
बैठक में जिले के समस्त विकासखंड समन्वयकों की उपस्थिति रही, जिनमें अटेर से सोहन सिंह भदौरिया, लहार से सुनील चतुर्वेदी, मेहगांव से जय प्रकाश शर्मा तथा गोहद से बृजेंद्र शर्मा शामिल रहे। सभी ने अपने-अपने विकासखंडों में संचालित नवांकुर गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया और बेहतर समन्वय के लिए सुझाव दिए।
कार्यक्रम में जिले की समस्त नवांकुर संस्थाओं की सक्रिय उपस्थिति रही, जिससे बैठक सार्थक एवं परिणाममुखी बनी। अंत में गोहद विकासखंड समन्वयक बृजेंद्र शर्मा द्वारा आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के सहयोग को नवांकुर आंदोलन की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण बताया।
बैठक का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि नवांकुर समितियाँ सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, नैतिक मूल्यों एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए निरंतर सक्रिय भूमिका निभाती रहेंगी।

